संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। दिवाली पर जमकर आतिशबाजी हुई। इसकी खरीदारी के लिए लोगों ने जमकर धन खर्चा। इससे पटाखा कारोबार में भी तेजी रही। पटाखा विक्रेताओं ने करीब दो करोड़ के पटाखे बेचे। शहर के बाहरी इलाके में बनी पटाखा फैक्टरियों से बाहरी जिले के लोगों ने भी पटाखों की खरीद की।
मंगलवार को भी लोगों ने दिवाली मनाई। लक्ष्मी पूजन के बाद रात को आतिशबाजी की। इसके चलते देर रात तक आकाश में रोशनी चमकने के साथ धमाके गूंजते रहे। रॉकेट, अनार, फूलझड़ी, फिरकी, रोशनी समेत अनेक तरह के पटाखे चलाए गए। लोगों ने देर रात तक आतिशबाजी की। इससे पूर्व दिन में खरीदारी की। इसमें मिठाई व पटाखे मुख्य रहे।
शहर में यहां बिके पटाखे
शहर के गांधी कैंप बाजार, सुखपुरा चौक, किलारोड व अन्य बाजारों में पटाखों की बिक्री हुई। यही नहीं, शहर से बाहर पटाखा फैक्टरियों तक लोग पहुंचे। दिवाली से पहले ही लोगों ने फैक्टरी से पटाखे खरीदने शुरू कर दिए थे। पिछले तीन दिन में पटाखा बाजार खासा गरमाया रहा।
पटाखा विक्रेता सोनू ने बताया कि कोर्ट ने पटाखे बेचने व चलाने की अनुमति देरी से दी, इसलिए पटाखों के लिए मारामारी रही। बिक्री का समय कम होने के कारण दुकानदारों को भी माल निकालना था, इसलिए दिवाली पर सारे पटाखे निकाल दिए। इससे न ज्यादा नुकसान हुआ न ज्यादा कमाई हुई।