किस्त की रंजिश
पुलिस रिकार्ड के मुताबिक हिमांशु उर्फ भाऊ की उम्र जब 17 साल थी तब दोनों पक्षों के बीच एक कार लोन की किस्त को लेकर रंजिश शुरू हुई। अब भाऊ पर 2.50 लाख रुपये हरियाणा पुलिस तो 1 लाख रुपये दिल्ली पुलिस ने ईनाम घोषित कर रखा है। भाऊ का गांव रिटौली रोहतक जिला मुख्यालय से 12 किलोमीटर दूर रोहतक-बेरी रोड पर स्थित है।
पंचायत में कहासुनी और फिर फायरिंग
ग्रामीणों ने पहचान गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि गांव में चार पाने चौथिया, चुड़के, लगाड़ व गिरावड़ियां हैं। हिमांशु उर्फ भाऊ चौथ तो अंकित उर्फ बाबा व सन्नी रिटौलिया चुड़के पाने से है। छह साल पहले गांव निवासी हंसराज की बस रोहतक से बेरी के बीच में चलती थी। हंसराज ने सन्नी के पिता जोगेंद्र की जमीन के कागजात देकर कार खरीदी थी। इस कार को भाऊ के परिवार का एक युवक चलाता था। ताकि हंसराज की बस के आगे की सवारी कोई ऑटो या दूसरी गाड़ी वाला न ले जाए। कार की किस्त भरने को लेकर विवाद हो गया। तय हुआ कि जो युवक कार चलाता है वह किस्त जमा करवा देगा। इसके बावजूद पंचायत के दो दिन बाद सन्नी व भाऊ के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि भाऊ ने फायर कर दिया और गोली सन्नी के हाथ में लगी। बाकी युवकों ने जोहड़ में कूदकर जान बचाई। नाबालिग होने के कारण भाऊ को हिसार की बोस्टल जेल भेज दिया गया।
गाजियाबाद के पत्ते पर भागा पुर्तगाल फिर अमेरिका
दो साल बाद 2020 में हिमांशु उर्फ भाऊ अपने साथियों सहित जेल से भाग गया और अब तक पुलिस के हाथ नहीं आया। 2023 में पुलिस को जांच में पता चला कि भाऊ 2022 में ही गाजियाबाद के फर्जी पत्ते पर विदेश भाग गया है। पहले पुर्तगाल गया और वहां से अमेरिका पहुंच गया। एक माह पहले अमेरिका में उसके पकड़े जाने की सूचना है।
भाऊ के पकड़ में आने पर भी डर के साये में ग्रामीण
एक ग्रामीण ने बताया कि अब तो भाऊ अमेरिका में बैठकर गैंग चला रहा था। अब देश में वापस आने पर उसे जेल में डाला जाएगा। ग्रामीणों को डर है कि जेल से भी गैंगस्टर गैंग चलाते हैं और ज्यादा स्थानीय युवक भाऊ के संपर्क में आएंगे।
जमीन तक बंजर हो गई विरोधी गैंग की
भाऊ व अंकित उर्फ बाबा के बीच दुश्मनी काफी पुरानी है। ग्रामीण बताते हैं कि अंकित के परिवार के पास छह एकड़ के करीब जमीन है। भाऊ गैंग के डर से कोई दूसरा व्यक्ति जमीन ठेके पर नहीं लेता। एक साल पहले गांव के एक व्यक्ति ने जमीन ठेके पर ली लेकिन धमकी मिलने पर छोड़नी पड़ी। पिछले साल बालंद गांव के युवक ने जमीन ठेके पर ली थी। उसने भी बीच में ही ठेका छोड़ दिया। सिंचाई न होने के कारण धान की फसल तक सूख गई। हालांकि अंकित का भाई सन्नी ने शराब का ठेका ले रखा है।
किस्मत का धनी है सन्नी, तीसरी बार बचा जानलेवा हमले में
हिमांशु उर्फ भाऊ के निशाने पर विरोधी सन्नी रिटौलिया नौ साल से निशाने पर है। पहली बार 17 साल की उम्र में जब भाऊ ने पहली गोली चलाई तो वह सन्नी के हाथ पर लगी थी। फिर 2025 में भाऊ गैंग ने गांव में शराब ठेके पर फायरिंग की तो उसमें भी सन्नी बन गया था। अब मिलन ढाबे पर भी फायरिंग के समय सन्नी मौजूद था लेकिन बाल-बाल बच गया।