बीजेपी सांसद राजकुमार सैनी के विवादित बोल
- फोटो : फाइल फोटो
लोकतंत्र सुरक्षा मंच के बैनर तले 27 अगस्त को होने वाली सामाजिक न्याय समानता रैली को सोमवार को जिला प्रशासन से हरी झंडी मिल गई। मंच के प्रदेश सह संयोजक तेजबीर सैन ने बताया कि पुराना बस स्टैंड स्थित कम्यूनिटी सेंटर में होने वाली रैली में केवल 5000 लोगों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। इसके लिए बाकायदा प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। लोकतंत्र सुरक्षा मंच के संयोजक राजकुमार सैनी रैली में मुख्यातिथि होंगे।
उन्होंने बताया कि रैली स्थल को नौ ब्लॉक में विभाजित किया गया है। एक ब्लॉक में 500 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। दो ब्लॉक महिलाओं और तीन ब्लॉक युवाओं के लिए आरक्षित हैं। रैली में प्रवेश के लिए सिक्योरिटी को प्रवेश पत्र दिखाना होगा, जिसकी कीमत 100 रुपये होगी। प्रवेश पत्र पर राजकुमार सैनी के हस्ताक्षर होंगे।
उन्होंने बताया कि इस रैली में एकत्रित होने वाला धन 28 नवंबर को ज्योतिबा फूले के जन्मदिन पर कुरुक्षेत्र में होने वाली रैली में खर्च होगा। इसके लिए सांसद सैनी रैली में शहर के लोगों को निमंत्रण भी देंगे। रैली के संदर्भ में एसपी से अनुमति लेने वाले प्रतिनिधिमंडल में बलराज काहनौर, कंवल सिंह सैनी, बलवान सैनी, प्रीतम सोनी, रामनिवास जांगडा, राममेहर रोहिल्ला, बलवान पांचाल, ओमप्रकाश प्रजापति, गौतम, राजीव अत्री, वीरेंद्र सैनी, जोगेंद्र वाल्मीकि, जितेंद्र, राजेश और राकेश पहलवान शामिल रहे।