माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। काहनी गांव में ऑनर किलिंग को अंजाम देने वाले सपना के भाई सूरज व उसके साथियों को गांव के ही हिस्ट्रीशीटर सुंदर उर्फ काला ने हथियार उपलब्ध कराए थे। बदले में संजू को साथियों के साथ मिलकर काले के इशारे पर बड़ी वारदात अंजाम देनी थी। सुंदर का पुराना रिकॉर्ड रहा है जो जमानत पर आने के बाद से फरार है। पुलिस की प्रारंभिक जांच व पूछताछ में यह बात सामने आई है।
उधर, सपना का शुक्रवार दोपहर गांव काहनी में अंतिम संस्कार किया गया। पति सूरज ने मुखाग्नि दी। पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल सपना के भाई एवं काहनी गांव निवासी संजू, राहुल व सोनीपत जिले के गांव रूखी निवासी गौरव व अंकित उर्फ बाबा को डॉक्टरों की अनुमति के बाद गिरफ्तार कर रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी।
एएसपी वाईवीआर शशि शेखर ने बताया कि बुधवार रात 9:40 बजे काहनी निवासी सपना की प्रेम विवाह के चलते गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोप उसके भाई संजू व उसके तीन साथियों पर लगा था। सीआईए द्वितीय ने वीरवार रात करीब करीब 12 बजे मुठभेड़ के बाद चारों आरोपियों को बोहर व लाढ़ौत गांव के बीच आउटर बाईपास पर दबोच लिया। इस दौरान 20 गोलियां चलीं।
पैरों में गोलियां लगने से सपना का भाई संजू, उसका दोस्त राहुल और दो साथी अंकित व गौरव घायल हो गए। आरोपियों से पुलिस ने दो देसी कट्टे व दो पिस्तौल, 10 कारतूस, 10 खाली कारतूस व 2 मैगजीन और एक बाइक बरामद की है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी सपना के पति सूरज की हत्या की फिराक में घूम रहे थे।
.........
सूरज ने दी पत्नी को मुखाग्नि, आठवीं कक्षा से करते थे एक-दूसरे से प्यार
शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे सपना के शव को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने उसके पति सूरज को सौंप दिया। शव को गांव में ले जाया गया जहां पुलिस सुरक्षा में अंतिम संस्कार किया गया। खुद सपना के पति सूरज ने मुखाग्नि दी। बता दें कि सूरज व सपना एक ही गांव काहनी के रहने वाले हैं। दोनों सातवीं कक्षा से साथ पढ़ते थे। आठवीं कक्षा में ही एक-दूसरे से प्यार हो गया था। बालिग होने के बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। साथ ही गांव छोड़कर रोहतक में रहने लगे। बेटा होने के बाद दोनों गांव आ गए। उधर, गांव आने से सपना के परिजन बेइज्जती महसूस करने लगे थे। भाई संजू ने साथियों के साथ मिलकर सपना की गोली मारकर हत्या कर दी।
....
तीन घंटे के ऑपरेशन के बाद निकाली जा सकी साहिल को लगी गोली
परिजनों ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर स्थित ऑपरेशन थिएटर में दाखिल साहिल को डॉक्टरों की टीम ने बचा लिया है। तीन घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद लगी गोली को निकाला जा सका। गोली पेट में लगने के बाद जांघ के नजदीक पैर में जाकर फंस गई थी।
..........
चारों आरोपियों का नहीं मिला पुराना रिकॉर्ड
सपना हत्याकांड में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार काहनी गांव निवासी संजू, राहुल व सोनीपत के गांव रूखी निवासी अंकित उर्फ बाबा व गौरव का आपराधिक रिकाॅर्ड नहीं मिला है। आरोपी पहली बार किसी वारदात में गिरफ्तार हुए हैं।
..........
सपना के सीने में आरपार हुई गोली, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं मिली
पोस्टमार्टम के दौरान पता चला है कि गोली सपना के सीने से आरपार निकली हुई है। शरीर में किसी तरह की गोली नहीं मिली।
03...पत्रकारों से बात करते एएसपी वाईवीआर शशि शेखर, साथ हैं सीआईए द्वितीय प्रभारी सब इंस्पेक्टर- फोटो : संवाद
03...पत्रकारों से बात करते एएसपी वाईवीआर शशि शेखर, साथ हैं सीआईए द्वितीय प्रभारी सब इंस्पेक्टर- फोटो : संवाद