पिछले एक सप्ताह में हरियाणा की धरती छह बार हिल चुकी है। जिसमें से चार बार भूकंप का केंद्र रोहतक व दो बार फरीदाबाद रहा है। हालांकि इन से किसी प्रकार की कोई जान माल की हानि नहीं हुई है। बुधवार रात दस बजकर 42 मिनट 29 सेकेंड पर फिर से फरीदाबाद क्षेत्र में केंद्रित भूकंप का झटका महसूस किया गया। इसकी रिएक्टर स्केल पर 3.0 तीव्रता रही। विशेषज्ञों का कहना है कि इस प्रकार के भूकंप के झटके समय-समय पर आते रहते हैं।
बता दें कि 28 मई को फरीदाबाद में भूकंप का केंद्र रहा था जिसकी रिएक्टर स्केल पर 2.5 की तीव्रता रही थी। उसके बाद 29 मई को रोहतक के चुलियाणा गांव में भूकंप के दो झटके महसूस किये गए। जिसमें पहला भूकंप का झटका तेज था, इसकी रिएक्टर स्केल पर 4.5 की तीव्रता दर्ज की गई थी। उसके बाद एक घंटे के अंदर ही उसी केंद्र पर भूकंप का दूसरा झटका महसूस किया गया जिसकी तीव्रता 2.9 दर्ज की गई। फिर एक जून को रोहतक में अलग अलग केंद्रों से दो भूकंप के झटके महसूस किये गए। रिएक्टर स्केल पर पहले भूकंप की तीव्रता 1.8 और दूसरे भूकंप की तीव्रता 3.0 दर्ज की गई। वहीं, महेंद्रगढ़-देहरादून फॉल्ट लाइन आधा रोहतक जोन चार में आता है। इस क्षेत्र में भूकंप के झटके आते रहते हैं। महेंद्रगढ़-देहरादून फॉल्ट लाइन हरियाणा के महेंद्रगढ़ से शुरू होकर झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत होती हुई देहरादून में हिमालय कके नीचे चली जाती है। हिमालय से जूड़े होने के कारण फॉल्ट में हलचल बनी रहती है। जिस कारण छोटे-छोटे भूकंप आते रहते हैं।