जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में 17 मार्च को शेष बचे चार पदों उप प्रधान, महासचिव, सह सचिव व लाइब्रेरी इंचार्ज के लिए 2705 वकील वोट डालेंगे। बार काउंसिल ने फाइनल मतदाता सूची में 129 वोट और जोड़े हैं। वोट ईवीएम से डाले जाएंगे, इसके तुरंत बाद मतगणना होगी।
28 फरवरी को जिला बार एसोसिएशन का चुनाव होना था, लेकिन सिविल कोर्ट के फैसले के बाद बार काउंसिल ने अगले आदेशों तक स्थगित कर दिया था। इसी बीच बार काउंसिल की अनुशासनात्मक कमेटी ने प्रधान पद के प्रत्याशी अरविंद श्योराण का वकालत का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया था। इसके बाद चार सदस्यीय चुनाव कमेटी ने अरविंद को चुनाव लड़ने से अयोग्य करार दे दिया था। साथ ही एकमात्र बचे प्रधान पद के प्रत्याशी दीपक हुड्डा को प्रधान निर्वाचित घोषित कर दिया था। अब बार काउंसिल की ओर से शेष बचे चार पदों उप प्रधान, महासचिव, सह सचिव व लाइब्रेरी इंचार्ज का 17 मार्च को चुनाव कराया जा रहा है।
रोहतक बार की फाइनल मतदाता सूची जारी कर दी गई है, जिसमें 2705 मतदाता हैं। सूची को काउंसिल की ऑनलाइन साइट पर डाला गया है, साथ ही सभी मतदाताओं को रविवार को व्हाट्सएप पर भेज दिया जाएगा। मतदान उप-प्रधान, महासचिव, सह सचिव व लाइब्रेरी इंचार्ज के चुनाव के लिए किया जाएगा।
- विजेंद्र अहलावत, प्रधान बार काउंसिल पंजाब एवं हरियाणा
....
चुनाव की पूरी तैयारी हो गई है। बार काउंसिल या जिला बार की ओर से जारी पहचान पत्र व आधार कार्ड अनिवार्य होगा। ईवीएम पर सरकारी स्टाफ मौजूद रहेगा, साथ ही चुनाव चार सदस्यीय चुनाव समिति की देखरेख में होगा। बार परिसर में वकीलों के अलावा किसी अन्य के आने की अनुमति नहीं होगी।
- एडवोकेट प्रदीप मलिक, चुनाव अधिकारी, जिला बार एसोसिएशन।