रोहतक। सात करोड़ की लागत से बनी भगत सिंह कामर्शियल कांप्लेक्स एवं पार्किंग स्थल के शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। सरकार ने अब निगम आयुक्त को बिल्डिंग को 10 साल के लिए लीज या किराए पर देने की पावर दी है। ऐसे में निगम ने कामर्शियल एरिया और पार्किंग के निगम ने रेट तक तय कर दिए हैं। एलओ ब्रांच से फाइल निगम आयुक्त की टेबल पर पहुंच गई है। उम्मीद है एक सप्ताह के अंदर कमिश्नर से हरी झंडी मिलते ही निगम बिल्डिंग की बोली कराएगा।
नगर निगम की तरफ से 2011 में भगत सिंह पार्क को तोड़कर कामर्शियल बिल्डिंग और पार्किंग बनाने का निर्णय लिया गया, क्योंकि किला रोड, गोहाना अड्डा, बड़ा बाजार व आसपास के एरिया में पार्किंग नहीं थी। निगम ने पीडब्ल्यूडी से सात करोड़ देकर बिल्डिंग का निर्माण कराया, जो 2014 में जाकर पूरा हुआ। इसी बीच देश व प्रदेश में सरकार बदल गई। बिल्डिंग को निगम ने 2015 में जाकर हरी झंडी दी। 4 अप्रैल 2017 को खुद सीएम मनोहर लाल ने बिल्डिंग का उद्घाटन किया, लेकिन दो साल बाद भी नगर निगम की तरफ से अभी तक चालू नहीं किया गया है। अब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बिल्डिंग के चालू होने की उम्मीद बढ़ी है।
ये रेट तय किए गए
कामर्शियल एरिया
तल दुकान किराया (प्रति दुकान) सिक्योरिटी
प्रथम 14 22 हजार 41 हजार
द्वितीय 14 20 हजार 40 हजार
तृतीय खुला फ्लोर 85 हजार 1.25 करोड़
पार्किंग दोपहिया चार पहिया
10 रुपये 20 रुपये
सरकार ने निगम आयुक्त को पावर दी है कि वे 10 साल के लिए भगत सिंह कांप्लेक्स की बिल्डिंग को किराए या लीज पर दे सकते हैं। कामर्शियल व पार्किंग एरिया का किराया तय हो गया है। जैसे ही निगम आयुक्त से हरी झंडी मिलती है, बिल्डिंग को लीज या किराए पर देने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। - आनंद मित्तल, एलओ नगर निगम