सुबह करीब नौ बजे कारोबारी का शव पंजाब सीमा के पास खाई से बरामद कर लिया गया।
शहर के व्यापारी बदमाशों के निशाने पर हैं। व्यापारी व गुरुद्वारा बंगला साहिब कमेटी के प्रधान अवतार सिंह कोचर उर्फ डोली सरदार से पांच करोड़ की रंगदारी मांगी गई है। सोनीपत रोड स्थित उनके शीला सिनेमा में एक चिट्ठी भेजकर बदमाशों ने रंगदारी न देने पर सिनेमा हाल जलाने और उन्हें गोली मारने की धमकी दी है।
एसपी से शिकायत के बाद पुराना सब्जी मंडी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर चिट्ठी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं डोली सरदार ने सुरक्षा की मांग की है। बता दें कि इससे पहले सराफा व्यापारी अशोक काका की मौत के बाद पंजाबी व्यापारी नेता राकेश सहगल और किला रोड प्रधान बिट्टू सचदेवा को भी जान से मारने की धमकी मिल चुकी है।
प्रताप मोहल्ले में रहने वाले अवतार सिंह कोचर उर्फ डोली सरदार शहर के एक बड़े व्यापारी है। जिनकी शहर में कई जगहों पर मार्केट और सोनीपत रोड पर शीला सिनेमा हाल है। साथ ही वह गुरुद्वारा बंगला साहिब कमेटी के प्रधान हैं। डोली सरदार ने बताया कि उनके सिनेमा हाल में सोमवार को पोस्ट से एक चिट्ठी आयी। उसमें लिखा था कि डोली सरदार जल्द ही पांच करोड़ रुपये का इंतजाम करके देने होंगे। उसने पांच करोड़ रुपये नहीं दिए तो पहले उसका सिनेमा हाल जलाया जाएगा और उसके बाद गोली मारकर हत्या कर दी जाएगी। चिट्ठी में किलोई गांव के काला का नाम लिखा हुआ है और उसके नाम से रंगदारी मांगकर धमकी दी गई है।
सोमवार को चिट्ठी आई मंगलवार को शिकायत
सोमवार को धमकी भरी चिट्ठी मिलने के बाद से डोली सरदार दहशत में आ गए। मंगलवार को उन्होंने एसपी शशांक आनंद को फोन करके इस मामले की जानकारी दी। इसके बाद एसपी से मिलकर धमकी भरी चिट्ठी भी दिखाई। डोली सरदार ने एसपी से सुरक्षा भी मांगी, जिस पर एसपी ने जल्द ही सुरक्षा देने का आश्वासन दिया।
पुलिस को बृहस्पतिवार तक न काला का पता न चिट्ठी भेजने के एड्रेस का
एसपी से शिकायत करने के बाद पुराना सब्जी मंडी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। हालांकि जान से मारने की धमकी के बावजूद डोली सरदार को बृहस्पतिवार तक सुरक्षा नहीं मिली। पुलिस ने चिट्ठी को लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं धमकी दिए चार दिन बीत चुके हैं और पुलिस न किलोई के काला का पता लगा सकी है और न हीं चिट्ठी कहां से भेजी गई और किसने भेजी।