आम आदमी पार्टी के रोहतक जिला अध्यक्ष बिजेंद्र हुड्डा ने कहा कि एमएसपी के मुद्दे को लेकर किसानों के दिल्ली कूच को कुचलने की तैयारी सरकार ने कर ली है। लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार सभी को है। सरकार की किसानों पर तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जब जब किसानों ने अपने हकों के लिए आवाज उठाई है, केंद्र और प्रदेश सरकार ने लाठियों के दम पर किसानों की आवाज को दबाने का काम किया है।
एक बार फिर सरकार किसानों को कुचलने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि देश का किसान एमएसपी की गारंटी को लेकर परेशान है। इसे लेकर तीन साल पहले लंबा आंदोलन चला। इसमें 750 से ज्यादा किसानों ने शहादत दी थी। प्रधानमंत्री ने किसानों से माफी मांगते हुए तीनों काले कानून वापस लिए व वादा किया कि फसलों पर एमएसपी लागू करेंगे।
अभी तक सरकार ने अपना यह वादा पूरा नहीं किया। अब सरकार को वही वादा याद दिलाने के लिए देश का अन्नदाता दिल्ली आना चाहता है। इन किसानों को रोकने के लिए हरियाणा सरकार सीमेंट की बैरिकेडिंग और कंटीली तार लगा रही है। पहले अंबाला पुलिस ने एक चेतावनी जारी करते हुए किसानों को प्रदर्शन में शामिल होने से मना किया।
किसानों की प्रॉपर्टी व बैंक डिटेल मांगी। किसानों को चेतावनी दी गई कि अगर प्रदर्शन में शामिल हुए तो प्रॉपर्टी और बैंक अकाउंट सील कर दिए जाएंगे। अब कैथल पुलिस ने किसानों को चेतावनी दी है कि यदि प्रदर्शन में शामिल हुए तो आपका पासपोर्ट और आर्म लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा।