संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। शहर में दो घंटे के अंतराल में मानसरोवर पार्क और कच्चा बेरी रोड पर शुक्रवार अलसुबह हुई लूट की दो वारदात में शामिल रहे बाइक सवार बदमाशों का चार दिन बाद भी दो थाना पुलिस व सीआईए की टीम सुराग नहीं लगा सकी।
हालांकि, तीन टीमें बदमाशों की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने में लगी हुई हैं। सीसीटीवी के माध्यम से पुलिस अंदाजा लगा रही है कि वारदातों में दो नाबालिग भी शामिल हैं।
इनकी उम्र करीब 18 साल से काम आंकी जा रही। शुक्रवार सुबह गांधी कैंप निवासी राजकुमार से मानसरोवर पार्क व धोबी मोहल्ला निवासी सब्जी व्यापारी हन्नी हंस से कच्चा बेरी रोड पर तीन बाइक सवार बदमाशों ने दो घंटे के अंतराल में 80 हजार रुपये की लूट की थी।
वारदात की जानकारी के बाद सिविल लाइन थाना, शहर थाना सहित सीआईए एक की टीम बदमाशों की तलाश में लगी थीं लेकिन चार दिन बाद भी तीनों टीमों के हाथ खाली हैं।