संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। रोडवेज साझा मोर्चा के वरिष्ठ सदस्य दिनेश हुड्डा ने कहा कि हरियाणा रोडवेज विभाग में चालकों, परिचालकों, मैकेनिक, हेल्पर और सफाई कर्मचारियों के हजारों पद खाली पड़े हैं। भर्ती नहीं करने और देय भत्तों का समय पर भुगतान नहीं करने पर रोडवेज कर्मचारी 25 जुलाई को परिवहन मंत्री के आवास अंबाला छावनी पर प्रदर्शन कर न्याय मार्च निकालेंगे।
दिनेश ने कहा कि स्टाफ की कमी के कारण बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है। कर्मचारियों को समय पर वेतन और भत्ते भी नहीं मिल रहे हैं। इस संबंध में सरकार और अधिकारियों को मांगपत्र दिए जा चुके हैं।
परिवहन मंत्री ने भी वेतन व भत्ते समय पर देने के सख्त आदेश दिए हैं लेकिन महाप्रबंधक कभी बजट तो कभी कैप का हवाला देकर भुगतान लटका रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इससे पहले मोर्चा 16 जून को अंबाला, 24 जून को गुरुग्राम, 2 जुलाई को रोहतक, 9 जुलाई को करनाल और 16 जुलाई को फरीदाबाद में प्रदर्शन कर मंडल आयुक्तों के माध्यम से परिवहन मंत्री को ज्ञापन दे चुका है। हुड्डा ने चेतावनी दी कि अगर समय रहते मांगें नहीं मानी गईं तो 25 जुलाई को अंबाला में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।