रोहतक। हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ के अनिश्चितकालीन धरने का शुक्रवार को तीसरा दिन रहा। डिपो परिसर में अपनी आवाज उठाते हुए कर्मचारियों ने महाप्रबंधक (जीएम) पर भ्रष्टचार के आरोप लगाते हुए विजिलेंस जांच की मांग की है।
प्रधान सोनू हुड्डा और राज्य महासचिव जगदीप लाठर ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। महाप्रबंधक अभी तक कर्मचारियों से बातचीत करने भी नहीं पहुंचे हैं और न ही ऑफिस आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शनिवार को रोडवेज कर्मचारी संघ का 16वां स्थापना दिवस धरनास्थल पर ही मनाएगें। बैठक में कर्मचारियों ने कनीना हादसे पर दुख जताते हुए जान गंवाने वाले बच्चों की आत्मिक शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया। साथ ही मांग उठाई कि इस मामले की जांच हो और दोषियों को सख्त सजा दी जाए।
पूर्व प्रधान दीपक हुड्डा ने कहा धरना समाप्त होने के बाद स्कूलों में जाकर जागरूकता अभियान चलाएगें। इस मौके पर संदीप, कुलदीप, सुरेंद्र, संदीप, संजय अशोक और सितेंद्र मौजूद रहे।