रोहतक। स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारी में जुटे नगर निगम को रोड स्वीपिंग के कार्य को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में चंडीगढ़ में हुई बैठक में मंजूरी मिल गई है। इससे निगम क्षेत्र में अब सफाई व्यवस्था और दुरुस्त होगी। बैठक में नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद शर्मा भी शामिल हुए।
डॉ. शर्मा ने बताया कि नगर निगम की ओर से शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से रोड स्वीपिंग के कार्य की निविदा की गई थी। इसकी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी की बैठक में स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना से शहर की प्रमुख सड़कों, बाजारों व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सफाई सुदृढ़ की जाएगी।
नगर निगम आयुक्त डाॅ. आनंद ने बताया कि रोड स्वीपिंग के कार्य की समय अवधि पांच साल की होगी। इससे निगम को काफी सफाई कर्मचारी मिलेंगे। इससे सफाई व्यवस्था दुरुस्त होगी। इस कार्य की स्वीकृति से शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार होगा। नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता के प्रति जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को बाबा मस्तनाथ कॉलेज के एनएसएस विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूक किया।