रोहतक। गोहाना रोड स्थित जसिया गांव में रोड़ी-क्रशर कारोबारी दलबीर (42) ने सल्फास की गोली खाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का कहना है कि पता नहीं दलबीर ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया। सदर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार को सूचना मिली कि जसिया गांव निवासी दलबीर को जहरीला पदार्थ खाने के कारण पीजीआई ले जाया गया है। वे बयान दर्ज करने आए तो डॉक्टरों ने अनफिट घोषित कर दिया। वीरवार सुबह उनकी मौत हो गई।
सदर थाने से पुलिस पीजीआई पहुंची और दलबीर के शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने दर्ज बयान में बताया कि दलबीर कभी-कभी शराब पी लेते थे। बुधवार सुबह खेत में गए और वहां पर सल्फास की गोली निगल ली।
घर आकर पत्नी से बोले-मैंने तो कर दिया काम। तुरंत पत्नी ने परिवार के दूसरे सदस्यों को सल्फास निगलने के मामले से अवगत कराया। आनन-फानन परिजनों ने उन्हें पीजीआई में भर्ती कराया जहां वीरवार सुबह मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि उनको पता नहीं लग सका कि आखिर किस वजह से दलबीर ने यह कदम उठाया है। वे किस मानसिक परेशानी में थे।
-
गांव में रोड़ी-क्रशर का कारोबार, तीन एकड़ के मालिक थे
दलबीर पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी तीन बेटियां व एक बेटा है। बड़ी बेटी 11वीं कक्षा में पढ़ती है। गांव में ही रोड़ी व क्रशर का कारोबार कर रखा था। तीन एकड़ के करीब जमीन भी है। इसके बावजूद उनके सल्फास निगलने से ग्रामीण भी हैरान हैं।