पुलिस लाईन में पुलिस कर्मी को हिदायत देते एसपी। स्रोत: पुलिस
रोहतक। पुलिस लाइन में सोमवार को साप्ताहिक परेड का एसपी ने न केवल निरीक्षण किया, बल्कि सराहनीय कार्य करने वाले 19 पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया। साथ ही राइडर को हिदायत दी कि वे बाजारों में गश्त करें, प्रशासन द्वारा दी गई तीन फीट की छूट से ज्यादा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें। बाजार व सड़कों पर जाम नहीं लगना चाहिए।
एसपी हिमांशु गर्ग ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि 33 प्रशिक्षु पीएसआई को की पहले फील्ड में ट्रेनिंग करवाई जाएगी। उसके बाद स्किल के अनुसार तैनाती की जाएगी। ट्रेनिंग के दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली, सीसीटीएनएस, जेल व अदालत के कार्यों बारे में बताया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने राइडर को हिदायत दी कि त्योहारी सीजन के चलते लगातार बाजारों में गश्त करें। प्रशासन के द्वारा दी गई छूट के अलावा सड़क पर फडी व रेहड़ी लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
वहीं, एसपी ने सीआईए प्रथम प्रभारी निरीक्षक कुलदीप, एएसआई संत कुमार, दिनेश, मुख्य सिपाही अरुण व हरपाल और सिपाही मनोज को कॉलेज मोड़ कलानौर के पास स्थित पेट्रोल पंप पर हथियार के बल पर हुई लूट की वारदात खुलासा करने पर प्रशंसा पत्र व 2 हजार का इनाम दिया। जबकि एएसआई जय कुमार, अमित, राजेन्द्र, मुख्य सिपाही मंजीत, सिपाही प्रवीण व ब्रहमप्रकाश को गांव निंदाना निवासी युवक की गोली मारकर की गई हत्या की वारदात में शामिल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने पर 5 हजार रुपये का नगद इनाम व प्रशंसा पत्र दिया। पीएसआई प्रविन्दर, एएसआई राजेश, संदीप, संजीत, मुख्य सिपाही जितेन्दर, सिपाही राकेश व सिपाही हरजीत को 2 किलोग्राम से ज्यादा नशीला पदार्थ पकड़ने व आरोपी को गिरफ्तार करने पर 2 हजार रुपये का इनाम दिया गया।