रोहतक। चार माह पहले हुए इस्माईला के प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड का खुलासा हो गया। वारदात को पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही युवक अनिल उर्फ टीना व संजय ने मिलकर अंजाम दिया था। सीआईए द्वितीय ने ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए आरोपी संजय को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को उसे अदालत में पेश कर सात दिन के रिमांड पर लिया। दूसरा आरोपी अनिल उर्फ टीना अभी फरार है।
सीआईए द्वितीय प्रभारी एसआई आजाद सिंह नैन ने बताया कि इस्माईला निवासी अजय ने शिकायत दी थी कि वह अपने भाई आशीष के साथ मिलकर प्रॉपर्टी डीलर के तौर पर काम करता था। आशीष ने मेडिकल स्टोर भी खोल रखा था। 31 जनवरी की रात अजय व आशीष अपने-अपने कमरे में सो गए। अजय ने बताया कि रात करीब ढाई बजे गोली चलने की आवाज सुनाई थी। गोली की आवाज सुनने पर अजय बाहर आया और देखा कि आंगन में किसी ने आशीष को गोली मार दी। अजय व उसके चाचा आशीष को निजी अस्पताल में ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने रखा पांच हजार का इनाम
अजय ने मामले में मामले में गांव के तीन-चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया। आरोप था कि आरोपियों से उनका झगड़ा हुआ था। शक है कि इसी रंजिश में हत्या की वारदात अंजाम दी है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की, लेकिन हत्या की बात सामने नहीं आई। एसपी ने इस केस को सीआईए द्वितीय को सौंपा। हत्याकांड में सुराग देने वाले को पांच हजार का इनाम देने की घोषणा की। पुलिस ने अब गांव के युवक संजय को गिरफ्तार किया। आरोपी संजय के खिलाफ थाना सांपला में हत्या, लड़ाई-झगडे, अवैध हथियार व मारपीट के पांच केस दर्ज हैं।
दरवाजा खुलवाकर मारी थी गोली
पुलिस के मुताबिक, संजय ने पूछताछ में बताया कि दिसंबर 2023 में गांव के युवक अनिल उर्फ टीना ने दोस्तों के साथ मिलकर युवक के साथ मारपीट की थी। सांपला पुलिस ने अनिल को गिरफ्तार कर लिया था। उसे शक था कि आशीष ने उसका व उसके दोस्तों का नाम पीड़ित युवक को बताया है। अनिल इसी बात की रंजिश रखे हुए था। 31 जनवरी की रात को अनिल अपने साथी संजय के साथ आशीष के घर के बाहर आया। आवाज लगाकर आशीष से दरवाजा खुलवाया। जैसे ही आशीष ने दरवाजा खोला तो उसे गोली मारकर आरोपी भाग गए। पुलिस को जांच में पता चला है कि अनिल अपने नाना की हत्या के केस में भी गिरफ्तार हो चुका है। वह 2023 में जमानत पर बाहर आया व साथी संजय के साथ मिलकर आशीष की हत्या की वारदात को अंजाम दिया।