रोहतक। विधानसभा चुनाव के चलते अटकी पेंशन फाइलों का रास्ता साफ हो गया है। आचार संहिता हटने से कार्यालय में लंबित करीब 1100 से अधिक फाइलों को निपटाने का काम शुरू हो गया है। पेंशन के लिए आवेदन करने वालों को जिला समाज कल्याण से जल्द ही राहत मिलने की आस जगी है।
समाज कल्याण विभाग सरकार की ओर से बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों को पेंशन देता है। इसके लिए विभाग में पिछले कुछ समय में करीब 1100 से अधिक आवेदन आए हैं। ये आवेदन आचार संहिता व चुनाव ड्यूटी के चलते अटके हुए थे। अब आचार संहिता हटने से इन आवेदनों की जांच व पेंशन बनाने का काम शुरू हो गया है। इससे योजना का लाभ लेने का इंतजार कर रहे लोगों को भी जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
विभाग में इसे लेकर कर्मचारियों को जल्द काम निपटाने का निर्देश जारी कर दिया गया है। इसके चलते कर्मचारी भी पेंशन फाइल निपटाने में पूरे जोश के साथ जुट गए हैं। विभाग का दावा है कि 7 से 10 दिन में लंबित फाइलों का निपटारा कर दिया जाएगा। 81,997 बुजुर्गों को
सरकार की ओर से ओल्ड एज सम्मान भत्ता दिया जा रहा है। इसके अलावा 8578 दिव्यांग व 39670 विधवा पेंशन लाभार्थी हैं। इसके अलावा अन्य पेंशन लाभार्थी भी हैं। इन्हें समय पर बैंक खाते में पेंशन राशि का भुगतान किया जा रहा है।
पेंशनरों को योजना का लाभ दिया जा रहा है। नए लोगों को भी योजना का लाभ दिया जा रहा है। आचार संहिता के चलते कुछ आवेदन अटक गए थे। इन पर काम शुरू कर दिया गया है। जल्द ही आवेदन करने वालों की पेंशन बन जाएगी। लोगों को पेंशन बनवाने के लिए बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। -महावीर गोदारा, जिला समाज कल्याण अधिकारी।