रोहतक। कैंप कार्यालय में बुधवार को उपायुक्त सचिन गुप्ता ने स्थानीय जिला रेडक्रॉस सोसाइटी की गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले में स्कूलों व कॉलेजों से पांच हजार स्वयंसेवक तैयार किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सिविल डिफेंस की टीम तैयार कर रक्तदान शिविरों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि सभी जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध करवाया जा सके। समिति की ओर से स्कूल व कॉलेजों में विद्यार्थियों को प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण दिया जाए। महिला एवं बाल विकास विभाग की मदद से स्लम एरिया में युवाओं की पहचान कर उन्हें होम नर्सिंग का प्रशिक्षण दिया जाए।
सचिन गुप्ता ने कहा कि समिति की ओर से अप्रैल से गत माह तक जिला में 311 रक्तदान शिविर आयोजित कर 18 हजार से अधिक यूनिट रक्त एकत्रित किया गया है। 420 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। युवाओं को आठ दिवसीय प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण निरंतर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि समिति की ओर से पार्क इत्यादि में बुजुर्गों के बीपी, शुगर इत्यादि के टेस्ट निरंतर करवाए जाएं। इस अवसर पर समिति के सचिव विकास, गुरुग्राम सिविल डिफेंस के मुख्य वार्डन मोहित शर्मा, समिति के जिला प्रशिक्षण प्रभारी रविदत्त, लेखाकार आशीष खासा मौजूद रहे।