तेज कॉलोनी में हुए कामेश उर्फ रौनक हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है। जो मां वारदात से पहले बिना एफआईआर दर्ज करवाए थाने से लौट गई थी, वह वीरवार को पुरानी सब्जी मंडी थाने में पहुंची और आरोपी राहुल उर्फ नाली के खिलाफ पॉक्सो (प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन फ्रॉम सेक्सुअल अफेंस) एक्ट, आईपीसी की धारा 452 व 506 के तहत केस दर्ज कराया है। साथ ही कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि समाज में फिर कोई ऐसा करने की हिम्मत न कर सके। वहीं, शुक्रवार को पुलिस पहले से हत्या के आरोप में गिरफ्तार राहुल व सन्नी को दो दिन के रिमांड के बाद कोर्ट में पेश करेगी। ऐसे में राहुल को पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले में दोबारा गिरफ्तार कर सकती है।
महिला ने पुलिस को बताया कि 7 जून को दोपहर करीब 2 बजे उसकी नाबालिग बेटी ने फोन किया, उस समय वह घबराई हुई थी। वह तत्काल स्कूटी पर घर पर पहुंची और बेटी से पूछताछ की। बेटी ने बताया कि आरोपी युवक राहुल उर्फ नाली जबरन घर में घुस आया। उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। उसे धक्का देकर वह बाहर आई और मां को फोन पर सूचना दी। किशोरी की मां आरोपी के घर पहुंची और परिजनों को पूरे मामले से अवगत कराया। इस दौरान आरोपी की मां ने उसे बताया कि राहुल अभी घर से कहीं चला गया है। इसके बाद वह थाने में गई और पुलिस के माध्यम से आरोपी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन शाम को आरोपी ने धमकी दी कि उसका क्या बिगाड़ लिया। इसी बीच दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया, जिसमें कामेश उर्फ रौनक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। अब उसे अहसास हुआ है कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। ताकि समाज में दोबारा इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न कर सके।
आरोपी से चाकू बरामद, वाल्मीकि मंदिर में पंचायत आज
वहीं, पुलिस इस बात को लेकर उलझ गई है कि आखिर राहुल उर्फ नीली के पास चाकू कहां से आया? फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि राहुल के पास पहले हाथ में कुछ नहीं था। गली में भागने के बाद दोबारा मौके पर आया तो उसने कामेश उर्फ रौनक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। अब सवाल उठता है कि राहुल को चाकू किसने दिया? फुटेज के आधार पर पीड़ित पक्ष एक महिला पर शक जता रहा है। पुलिस अब फुटेज में आए सभी लोगों से पूछताछ की तैयारी कर रही है। मामले को लेकर वाल्मीकि मंदिर में मोहल्ला के लोगों की पंचायत होगी, जिसमें अब तक की गई पुलिस की कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी।
सीसीटीवी फुटेज बनेगी अहम सुबूत
उधर, ओल्ड सब्जी मंडी पुलिस ने मामले में आरोपी राहुल उर्फ नीली व उसके भाई सन्नी को दो दिन के रिमांड पर लिया है। जांच टीम का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। जल्द पुलिस खुलासा कर देगी कि राहुल के पास चाकू पहले से था या उसे किसी ने दिया है। वारदात में सीसीटीवी फुटेज अहम सुबूत साबित होगी।
अदालत में आज होगी आरोपियों की पेशी
पाड़ा मोहल्ला निवासी राजेश ने पुलिस से शिकायत की थी कि सोमवार को कामेश घर से अपने दोस्तों के पास मिलने गया था, जहां तेज कॉलोनी में दो पक्षों में झगड़ा हो गया। इस दौरान कामेश की तेजधार हथियार से वार करके हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में अब तक तेज कॉलोनी के दो भाइयों राहुल उर्फ नीली व सन्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को दो दिन के रिमांड के बाद शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
कामेश हत्याकांड के दोनों आरोपियों को दो दिन के रिमांड के बाद शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा। फुटेज की गहराई से जांच पड़ताल चल रही है। आरोपी राहुल से चाकू बरामद हो गया है, जो आरोपी पहले से जेब में रखे हुए था। वहीं, महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, जबरन घर में घुसने व धमकी देने का केस दर्ज कर लिया है।
-बजे सिंह, थाना प्रभारी पुरानी सब्जी मंडी