रामलीला में मेघनाद, कुंभकर्ण एवं अहिरावण वध का मंचन
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। शहर में रामलीला का मंचन दर्शकों को लुभा रहा है। शहर के पुराना आईटीआई मैदान व पुराना बस स्टैंड के पास रामलीला कमेटी के मंचों पर मेघनाद, कुंभकर्ण व अहिरावण वध का मंचन किया गया।
श्री रामलीला उत्सव कमेटी रोहतक की ओर से पुराना आईटीआई मैदान में आयोजित रामलीला में बुधवार को रावण कुंभकरण संवाद ने दर्शकों को भावुक कर दिया। लंका के योद्धाओं में हाहाकार मचने पर कुंभकर्ण को जगाने का प्रयास देख दर्शक जमकर खिलखिलाए।
रामलीला मंच पर सहकारिता मंत्री डाॅ. अरविंद शर्मा एवं महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद, उद्योगपति विजय बंसल, सुरेश बंसल, बृजभूषण बंसल, अजय बंसल, राजेश जैन, प्रधान सुभाष तायल ने भगवान राम की संगीतमय आरती की।
इधर, श्री प्राचीन रामलीला सोसायटी लोकल की ओर से आयोजित रामलीला में लक्ष्मण शक्ति व कुंभकरण वध का मंचन किया गया। इसके अलावा पंजाबी रामलीला और नेक कुकारों वाली रामलीलाओं में भी कुंभकरण वध का मंचन हुआ। रामलीला देखने बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। इसके अलावा पटेल नगर की न्यू राम लीला कमेटी के मंच पर कुंभकरण वध, लेबर चौक स्थित कुकारों वाली रामलीला कमेटी के मंच पर लक्ष्मण शक्ति, पुरानी अनाज मंडी की कृष्णा ड्रामेटिक क्लब के मंच पर मेघनाद व कुंभकरण वध व प्रताप मोहल्ले की श्री सनातन धर्म पंजाबी रामलीला क्लब के मंच पर अहिरावण वध की लीला का मंचन किया गया।