डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम फिर से जेल पहुंच गया है। सिरसा डेरे में 40 दिन की पैरोल काटने के बाद सोमवार शाम 4 बजकर 56 मिनट पर राम रहीम सुनारिया जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गया। हनीप्रीत सहित आठ लोग दो गाड़ियों में सवार होकर रोहतक पहुंचे।
साध्वी यौन उत्पीड़न केस में आरोप सिद्ध होने के बाद 2017 से राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहा है। छह अगस्त को प्रदेश सरकार ने रामरहीम को 40 दिन का पैरोल दिया था। पैरोल अवधि रामरहीम ने अबकी बार सिरसा स्थित डेरे में पूरी की है। अवधि पूरी होने के बाद सोमवार शाम को हरियाणा की दो प्राइवेट गाड़ियों में सिरसा डेरे से काफिला रोहतक की सुनारिया जेल पहुंचा। एक गाड़ी में गुरमीत राम रहीम, हनीप्रीत, दान सिंह व चालक राजा सिंह सवार थे। जबकि दूसरी गाड़ी में प्रीतम, चरण सिंह, वकील हर्ष अरोड़ा, डाक्टर पीआर नैन तथा चालक वजीर सिंह आए। 10 मिनट बाद दोनों गाड़ियां वापस सिरसा डेरे की तरफ रवाना हो गई।
इस साल तीसरी बार तो जेल से बाहर आया था राम रहीम
जेल से एक निश्चित समय बिताने और व्यवहार के बाद पैरोल और फरलो की प्रक्रिया अदालत में शुरू की जाती है। हालांकि, पैरोल की अवधि सजा में नहीं जोड़ी जाती है जबकि फरलो की अवधि सजा में ही जोड़ी जाती है। 2025 में राम रहीम छह अगस्त को तीसरी बार जेल से बाहर आया था। उसे 40 दिन का पैरोल मिला था। फरवरी व अप्रैल में 21-21 दिन की फरलो मिल चुकी है। साथ ही 2017 से अब तक 14वीं बार रामरहीम जेल से बाहर आ चुका है।