रोहतक। 21 दिन की फरलो खत्म होने के बाद बुधवार शाम को राम रहीम सुनारिया जेल पहुंचे। यूपी के बागपत से राम रहीम को फुल प्रुफ सुरक्षा में सुनारिया जेल में शाम 4:50 बजे लाया गया। राम रहीम ने फरलो का समय यूपी के बागपत स्थित बरनावा आश्रम में परिजनों के साथ बिताया। राम रहीम की सुरक्षा में सीआईए टीम तैनात थी।
रोहतक की सुनारिया जेल में दुष्कर्म व हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे डेरा प्रमुख राम रहीम को सातवीं बार 13 अगस्त को 21 दिनों की फरलो मिली थी। इस दौरान वह बरनावा के आश्रम में गया था। वहां पर अपनी मुंह बोली बेटी हनीप्रीत व परिवार के लोगों के साथ रहा। फरलो का समय मंगलवार को पूरा हो गया था। बुधवार को जेल छोड़ने के लिए हरियाणा नंबर की कार आई थी। इसमें राम रहीम के अलावा उनकी मुंह बोली बेटी हनीप्रीत और ड्राइवर राजा समेत अन्य कई लोग साथ थे। राम रहीम के साथ एक अन्य कार भी थी, इसमें ड्राइवर प्रीतम, एडवोकेट हर्ष अरोड़ा और डॉक्टर पीआर नैन थे।
यह था मामला
राम रहीम को साध्वी दुष्कर्म मामले में वर्ष 2017 में सजा सुनाई गई थी। उसके बाद छत्रपति हत्याकांड और रणजीत हत्याकांड में भी सजा हो चुकी है। उसी समय से वह सुनारिया जेल में बंद है। राम रहीम 13वीं बार जेल से बाहर आया था।
कब-कब जेल से बाहर आया राम रहीम
20 अक्तूबर 2020: मां से मिलने के लिए एक दिन की पैरोल मिली।
12 मई 2021: ब्लड प्रेशर और बेचैनी की शिकायत पर पीजीआई में जांच के लिए लाया गया।
17 मई 2021: मां से मिलने के लिए एक दिन की पैरोल दी गई। पुलिस सुरक्षा में उसे गुरुग्राम ले जाया गया।
3 जून 2021: पेट में दर्द की शिकायत पर पीजीआई लाया गया।
8 जून 2021: स्वास्थ्य जांच के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाया गया।
13 जुलाई 2021: जांच के लिए एम्स ले जाया गया। वापसी में दो महिलाओं से कथित मुलाकात की जांच की जा रही है।
फरवरी 2022: 21 दिन की पैरोल मिली।
जून 2022: 30 दिन की पैरोल मिली।
अक्तूबर 2022: 40 दिन की पैरोल मिली।
21 जनवरी 2023: 40 दिन की पैरोल मिली।
20 जुलाई 2023 : 30 दिन की पैरोल मिली।
20 नवंबर 2023 : 21 दिन की पैरोल मिली।
19 जनवरी 2024 : 50 दिन की पैरोल मिली।
13 अगस्त 2024 : 21 दिन की फरलो मिली।