फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा का हमला : कांग्रेस, करप्शन और कीकर की एक ही राशि -

Mon, 18 Jan 2016 01:10 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रोहतक
विज्ञापन
विज्ञापन
कांग्रेस, करप्शन और कीकर की एक ही राशि है। ये तीनों हानिकारक हैं। जिस तरह कीकर खेत में अच्छी नहीं लगती, उसी तरह करप्शन देश में और कांग्रेस सरकार में अच्छी नहीं लगती है। इसे जनता ने समझा और भाजपा को मौका दिया। यह कहना है शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा का। शर्मा रविवार को यहां कैनाल रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
विज्ञापन


उन्होंने कहा, रेल और जेल की यात्रा नहीं की तो राजनीति नहीं की। कांग्रेस को भी रेल व जेल यात्रा दोनों करनी चाहिए। कांग्रेसियों को तो जेल यात्रा कर गीता का स्वाध्याय करना चाहिए, इससे अच्छे विचार आते हैं।

पहले कांग्रेस पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्री यह कहते रहते थे कि उनके कार्यकाल में कोई घोटाला या घपला नहीं हुआ है, इसकी जांच कराई जाए। अब एक एफआईआर होने पर वे शोर मचा रहे हैं।
विज्ञापन


सूरजकुंड छात्रों के लिए फ्री
शर्मा ने कहा कि एक फरवरी से सूरजकुंड में शुरू होने वाले क्राफ्ट मेले के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया गया है। इस बार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अभिनेता धर्मेंद्र को ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। मेले में आने वाले स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों की कोई टिकट नहीं लगेगी। इसके लिए दो स्पेशल बस भी चलाई जाएंगी। एक बस का नाम सरस्वती दिया गया है।

अस्थायी मान्यता प्राप्त स्कूल नहीं होंगे बंद
प्रदेश में करीब 10 हजार से ज्यादा निजी स्कूल अस्थायी मान्यता प्राप्त हैं। मंत्री ने कहा कि हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ ने भाजपा सरकार का चुनाव के समय काफी सहयोग दिया है। इसलिए साल 2014 और 2015 के सभी अस्थायी मान्यता प्राप्त स्कूलाें की एक साल की अवधि बढ़ाई गई है। इस समस्या का समाधान जरूर निकाला जाएगा। किसी भी अस्थायी मान्यता प्राप्त स्कूल का हम बंद नहीं होने देंगे।

खराब परिणाम आए तो जवाबदेही होगी शिक्षकों की
शिक्षामंत्री ने 10वीं और 12वीं के प्रथम सेमेस्टर के खराब परिणाम आने पर कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के समय में विद्यार्थियों को ग्रेस मार्क्स दिए जाते थे। अब की बार उन्होंने बोर्ड शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट कर दिया था कि वास्तविक स्थिति ही दिखाई जाए।

इसलिए परिणाम खराब आए हैं। फाइनल परीक्षा का परिणाम भी खराब आता है तो उसकी जवाबदेही शिक्षकों की होगी। सरकारी स्कूलाें में परिणाम प्रतिशतता में कमी के दोषी पाए गए अध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।

सरकार 24 घंटे दौड़ रही, इसलिए बढ़ रहा तेल खर्च
शिक्षामंत्री ने कहा कि मंत्रियों की गाड़ियां का ज्यादा चलना इस बात का संकेत है कि सरकार जनहित में ज्यादा काम कर रही है। मंत्री ज्यादा सफर तय कर लोगों के बीच ज्यादा समय दे रहे हैं। वे प्रदेश के एक छोर से दूसरे छोर पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान करने के अतिरिक्त विकास योजनाओं की समीक्षा कर तेजी ला रहे हैं।

 चूंकि, उनका घर प्रदेश के दूसरे छोर पर है और वे हर सप्ताह अपने गृह जिले महेंद्रगढ़ में होते हैं। इसलिए भी गाड़ियां ज्यादा चल रही हैं। बता दे कि मंत्रियों की गाड़ियों के तेल खर्च ज्यादा होने के संबंध में एक आरटीआई लगाई थी। इसमें शिक्षामंत्री की गाड़ियों का तेल खर्च ज्यादा मिला था।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें