कलानौर। शहर के वार्ड नंबर 10 में जलभराव के कारण पानी घरों में घुस गया है। परिवार धर्मशाला या किराये पर रहने को मजबूर हैं क्योंकि मकानों में कई जगह दरारें आ गई हैं। अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
लंबे समय से कस्बे में जलभराव की समस्या बनी हुई है। नगर पालिका समस्या का समाधान करने में नाकाम है। वार्ड नंबर 10 निवासी कर्मवीर, पूर्ण, कृष्ण, राजेश व प्रदीप ने बताया कि उनके घरों में बारिश का पानी भरा हुआ है। इसके चलते सात से आठ परिवार अपने घरों से पलायन कर चुके हैं।
कबीर आश्रम, प्रजापति धर्मशाला व किराये के मकान में रहने को मजबूर हैं, वहीं तहसील रोड पर स्थित एक निजी स्कूल में पानी भरने से छात्रों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। वार्ड नं 10 पूर्व चेयरपर्सन ममता रानी की गली में एक-एक फीट तक पानी भरा हुआ है।
वहीं, आईटीआई के पीछे काॅलोनी में लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। वार्ड नं 9 में जयभगवान के कमरों का फर्श धंस गया है। कलानौर के तालाब, गलियां, नालियां जलमग्न हो गई हैं। इसके बावजूद नपा प्रशासन व जल स्वास्थ्य विभाग दोनों ही बारिश के पानी की निकासी के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।
...
जलभराव वाले इलाकों में पंपसेट लगाए गए हैं। देर रात तक पानी निकल जाएगा, जहां जलभराव की स्थिति ज्यादा है वहां पर विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है।
- जयभगवान कनिष्ठ अभियंता, जन स्वास्थ्य विभाग
...
जलभराव की समस्या बहुत पुरानी है, इसके लिए उच्च अधिकारियों व मंत्रियों से बार-बार मुलाकात की जा रही है। इसका स्थायी समाधान निकाला जा रहा है। मेडिकल मोड़, डिग्गी वाली गली में पाइपलाइन बिछाई गई है। झांझड़ वाले तालाब में रविवार को पाइपलाइन बिछाई जाएगी। जल्द ही कलानौर से निकासी की जाएगी।
- निर्मला देवी, चेयरपर्सन नगर पालिका कलानौर
कलानौर में घरों में बरसाती पानी घुसा हुआ दिखाता पुरुष। संवाद