बहादुरगढ़। अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण का कार्य तेज गति से चल रहा है। 6 अगस्त को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका शिलान्यास कर दिया था। स्टेशन का कार्य तीन वर्षों में पूरा किया जाएगा। इसके बाद रेलवे स्टेशन नए लुक में नजर आएगा। बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन पर बने क्वार्टरों को भी तोड़ने का काम जल्द शुरू हो जाएगा। इसके बाद यहां पर पार्किंग बनाई जाएगी। पिछले सात महीने से स्टेशन पर निर्माण कार्य चल रहा है।
रेलवे स्टेशन को एयरपोर्ट की तर्ज पर बनाने की तैयारी है। पहले फेज में 25 करोड़ रुपये इसके निर्माण में खर्च होंगे। दूसरे फेज में भी कई तरह के कार्य किए जाएंगे। बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन को अति सुंदर व आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाकर विश्वस्तरीय स्टेशन बनाया जाएगा। जल्द ही स्टेशन पर विद्युत, पार्किंग, वेटिंग एरिया, लैण्ड स्केपिंग जैसे क्षेत्रों में विस्तार किया जाएगा।
यह मिलेंगी सुविधाएं
बहादुरगढ़ रेलवे लाइन के दूसरी तरफ लाइनपार क्षेत्र में भी स्टेशन का भवन बनेगा व वहीं रेलवे टिकट घर बनेगा। स्टेशन की दूसरी एंट्री के लिए सिटी प्लानर के अनुसार दूसरी एंट्री और सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, पार्सल, वेटिंग हॉल, प्लेटफार्म, रिटायरिंग रूम, कार्यालयों में फर्नीचर, बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार दिव्यांगजन सुविधाएं, एलईडी आधारित स्टेशन नाम बोर्ड व फसाड लाइटिंग, महिलाओं, दिव्यांगजनों के लिए पर्याप्त शौचालय, नई सुविधाओं के निर्माण के लिए भविष्य में नए भवन की आवश्यकता, भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर रूफ प्लाजा, दूरसंचार विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार वाई-फाई का प्रावधान भी किया जाएगा। वहीं वर्तमान भवन के भी नवीन विस्तार के साथ पुनर्विकसित किया जाएगा।
रेलवे की जमीन के साथ लगती कॉलोनियों की दीवार के साथ बनेगी सड़कें
बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन की बाउंड्री के साथ सड़कों का निर्माण किया जाएगा। पार्किंग भी बड़ी बनाई जाएगी। स्टेशन पर 24 घंटे बिजली, पीने का पानी, वातानुकूलित लॉबी, हाई स्पीड एस्केलेटर, एयर कॉनकोर्स और होटल जैसी सुविधाएं जोड़ने की प्लानिंग है। इसी तरह स्टेशन पर प्रवेश द्वार का चौड़ीकरण, उच्चस्तरीय प्रकाश व्यवस्था, स्टेशन वेटिंग हॉल का विस्तार, स्टेशन पर उपलब्ध अनुपयोगी स्थान को जोड़ते हुए एग्जीक्यूटिव लाउंज का विस्तार, सर्कुलेटिंग एरिया के प्रत्येक तरफ साइनेज, अप्रोच सड़क का चौड़ीकरण, पैदल चलने वालों के लिए रास्ता, वाहन का प्रवेश-अस्तित्व, भूनिर्माण, दूसरा प्रवेश द्वार हरे पैच और स्थानीय कला को बढ़ावा देने के लिए कार्य किए जाने हैं। प्लेटफार्मों व शैडों की लंबाई भी बढ़ाई जाएगी।
रेलवे स्टेशन को नवीनीकरण करने का कार्य वर्धमान कंस्ट्रक्शन कंपनी कर रही है। काम तेजी से किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन पर टिकट घर के सामने बड़ी पार्किंग बनाई जाएगी। जल्द ही यहां पर क्वार्टरों को तोड़ने का काम किया जाएगा। फिलहाल स्टेशन की बिल्डिंग बनाई जा रही है।
ठेकेदार तरुण कुमार