रोहतक। दिवाली पर प्रतिबंध के बावजूद आतिशबाजी व पटाखे बेचे जा रहे हैं। रविवार को पुलिस ने पुराने शहर के जुलाहा चौक पर छापा मारकर भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए। इसके साथ ही जनता कॉलोनी से भी पुलिस ने पटाखे बरामद किए हैं। इस संबंध में पुरानी सब्जी मंडी व शिवाजी कॉलोनी थाने में केस दर्ज किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक अर्जुन गली में जुलाहा चौक पर जोनी नाम का युवक स्टेशनरी की दुकान पर भारी मात्रा में आतिशबाजी व पटाखे बेच रहा है। पुलिस ने दबिश दी तो आरोपी भागने लगा। जांच टीम ने उसे काबू कर जांच की तो कब्जे से 18 तरह की आतिशबाजी बरामद हुई। मामला दर्ज कर आरोेपी को काबू कर लिया गया। उधर, शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस को सूचना मिली कि जनता कॉलोनी निवासी आशीष दिवाली पर आतिशबाजी बेचने के लिए लेकर आया हुआ है। उसने घर पर माल रखा हुआ है। पुलिस ने दबिश देकर जांच की तो प्लास्टिक के कट्टे में आतिशबाजी बरामद हुई।