रबी सीजन के दौरान जिले की 10 मंडियों में फसलों की खरीद की जाएगी। सभी एजेंसियों को खरीद केंद्र आवंटित कर दिए गए हैं। उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने शुक्रवार को लघु सचिवालय में बैठक कर खरीद के प्रबंधों का जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए खरीद केंद्रों पर पुख्ता इंतजाम करें, किसानों को कोई परेशानी नहीं आनी चाहिए।
उपायुक्त ने बताया कि रोहतक के अलावा महम, सांपला, किलोई, कलानौर, मदीना, हसनगढ़, सांघी, लाखनमाजरा और काहनौर में फसलों की खरीद की जाएगी। चार एजेंसियां फसलों की खरीद करेंगी। कलानौर मंडी में हैफेड और काहनौर में खाद्य व आपूर्ति विभाग फसलों की खरीद करेंगे। किलोई में भी हैफेड फसलें खरीदेगी। लाखनमाजरा में सोमवार, बुधवार, शुक्रवार को भारतीय खाद्य निगम और बाकी तीन दिन हरियाणा वेयर हाउस फसलें खरीदेंगे। मदीना में हैफेड खरीद कार्य करेगी। महम में मंगलवार, वीरवार और शनिवार को हैफेड और बाकी दिन हरियाणा वेयरहाउस खरीद करेंगे। रोहतक मंडी में सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को खाद्य व आपूर्ति विभाग, मंगलवार और शनिवार को हैफेड और वीरवार को हरियाणा वेयर हाउस फसल खरीदेंगे। सांपला में सभी दिन हरियाणा वेयर हाउस खरीद करेगी। सांघी खरीद केंद्र में मंगलवार, वीरवार, शनिवार को हैफेड और बाकी तीन दिन भारतीय खाद्य निगम फसल खरीदेंगे। सरकार ने इस बार गेहूं का एमएसपी 1975 रुपये प्रति क्विंटल और सरसों का 4650 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी खरीद केंद्रों पर बिजली, पानी और शौचालय का प्रबंध किया जाए। किसानों के बैठने का भी इंतजाम होना चाहिए, तिरपाल की व्यवस्था भी की जाए। खरीद के दौरान हर हाल में कोरोना से संबंधित निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलास्तर पर होगा शिकायतों का निपटारा
उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि खरीद को लेकर आने वाली सभी शिकायतों का निपटारा जिलास्तरीय कमेटी द्वारा किया जाएगा। किसान ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों तरह से शिकायतें दे सकेंगे। भूमि संबंधी रिकॉर्ड मिस-मैच होने पर तहसीलदार व नायब तहसीलदार द्वारा लिए निर्णय पर कमेटी विचार करेगी। खरीद सीजन के दौरान सप्ताह में एक दिन कमेटी की समीक्षा बैठक होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि फसल खरीद से संबंधित विभागों के अधिकारियों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए। सभी उप मंडल अधिकारी खरीद की मॉनीटरिंग करेंगे। बैठक में एडीसी महेंद्रपाल, एसडीएम मेजर गायत्री अहलावत और राकेश सैनी, नगराधीश ज्योति मित्तल, एफसीआई के डीएम चंद्रशेखर, हैफेड के डीएम अनूप नैन, एचडब्ल्यूसी के डीएम राजेश्वर कुमार, डीआरओ पूनम बब्बर, डीआईओ जितेंद्र मलिक, उप निदेशक कृषि डॉ. रोहताश सिंह, डीएफएससी वरिंदर सिंह भी मौजूद थे।