झज्जर। डीसी प्रदीप दहिया ने बताया कि जिले में हरियाणा वेयर हाउस काॅर्पोरेशन की ओर से झज्जर और हैफेड द्वारा बादली, बहादुरगढ़, बेरी, ढाकला, माजरा डी, मातनहेल, पाटोदा अनाज मंडियों में समर्थन मूल्य 2625 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से बाजरा की खरीद जारी है।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में 14046 किसानों से 37319 मीट्रिक टन बाजरा की खरीद की जा चुकी है। वहीं, मंडियों में 97.73 प्रतिशत बाजरा उपज का उठान हो चुका है। मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। राजस्व विभाग के पटवारी, कृषि विभाग का कर्मचारी, मार्केटिंग बोर्ड का कर्मचारी और उनके सहयोगी बैठकर किसानों की शिकायतों का निवारण कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक हरियाणा वेयरहाउस काॅर्पोरेशन की ओर से झज्जर मंडी में 14,869, हैफेड द्वारा बादली मंडी में 686, बहादुरगढ़ में 234, बेरी मंडी में 2000 मीट्रिक टन, ढाकला मंडी में 5329, मातनहेल में 14 हजार 200 मीट्रिक टन बाजरा खरीदा जा चुका है, जबकि 39,098 मीट्रिक टन बाजरा की आवक हो चुकी है। वहीं, 36473 मीट्रिक टन बाजरे का उठान हो चुका है।