38...एमडीयू में चल रही नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी टेनिस महिला चैंपियनशिप की विजेता पंजाब यूनिवर
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में आयोजित नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला टेनिस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ की टीम ने दिल्ली यूनिवर्सिटी को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है।
प्रतियोगिता में दिल्ली यूनिवर्सिटी की टीम दूसरे, चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी मेरठ तीसरे व मेजबान एमडीयू की टीम चौथे स्थान पर रही। पंजाब यूनिवर्सिटी की खिलाड़ी सायरा को बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
एमडीयू के खेल परिसर में चल रही प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए।
विशिष्ट अतिथि डॉ. लक्ष्मी गुप्ता ने कहा कि विश्वविद्यालयों में खेल गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का आधार हैं।एमडीयू खेल परिषद की अध्यक्ष डॉ. राजवंती ने कहा कि एमडीयू खेलों के माध्यम से प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
खेल निदेशक एवं खेल परिषद की सचिव डॉ. शकुंतला बेनीवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समन्वयन सहायक खेल निदेशक डॉ. तेजपाल और टेनिस कोच श्रवण कुमार ने किया।