महम (रोहतक)। अनाज मंडी के आढ़तियों ने सरकार की ओर से नए नियम लागू करने के विरोध में शनिवार को मंडी में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान धर्मवीर सिवाच की अध्यक्षता में शनिवार दोपहर मार्केट कमेटी के कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए आढ़तियों ने सरकार की बायोमेट्रिक प्रणाली पर सवाल उठाए।
प्रधान ने कहा कि इस प्रणाली में समय लगता है। लोगों के अंगूठे नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में आढ़तियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार किसानों व आढ़तियों के हितों की अनदेखी कर लगातार ऐसे फैसले ले रही है जो उनके लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं।
रोज नए-नए नियम लागू किए जा रहे हैं। इससे मंडी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इस बार सरकार ने फसल बेचने आने वाले किसानों के ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट और बायोमेट्रिक प्रणाली को अनिवार्य कर दिया है। इस मौके पर संजय दलाल, रामनिवास सिवाच, सोनू चहल, रामफल बेडवा, कर्मवीर बेडवा, मनोज बहलबा, बोबला निंदाना मौजूद रहे।
मंडी सचिव डॉ. दीपक का कहना है कि अब तक 63 गेट पास जारी किए जा चुके हैं। अंगूठे न मिलने की कोई शिकायत नहीं है। मंडी प्रशासन की ओर से पांच बायोमेट्रिक केंद्र बनाए गए हैं। सारा काम फटाफट हो रहा है। आढ़तियों व किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
फोटो 05 महम अनाज मंडी में हड़ताल करते आढ़ती। संवाद