सांपला में प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकते पुलिसकर्मीं। संवाद
रोहतक, सांपला महिला पहलवानों के समर्थन में दिल्ली कूच करने की तैयारी कर रहे खाप व किसान नेताओं को पुलिस ने संभलने का मौका नहीं दिया। किसी के घर के बाहर पुलिस तैनात रही तो किसी को थाने व चौकी में बैठाकर रखा। 75 के करीब नेताओं को पुलिस ने सुबह छह बजे ही रोक दिया। सांपला में एक दिन पहले पहुंच चुकी हांसी से आई सोनिया दूहन व उसके साथियों की पुलिस से झड़प हो गई। दोपहर बाद पुलिस ने सभी को छोड़ दिया।
भाजपा सांसद बृजभूषण के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रही महिला पहलवानों के समर्थन में महम में खाप पंचायत हुई थी। खापों ने 29 मई को दिल्ली कूच कर संसद भवन के सामने महिला महापंचायत करने का आह्वान किया था। शनिवार रात को ही पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। थाना प्रभारियों को उनके एरिया के खाप व किसान नेताओं की सूची सौंपी गई। नांदल खाप के प्रधान महेंद्र नांदल के घर सुबह छह बजे ही पुलिस की टीम पहुंच गई। जबकि हुड्डा खाप के नेता एवं खिड़वाली गांव के पूर्व सरपंच ओमप्रकाश हुड्डा को सदर थाने में बैठाकर रखा गया। चढ़ूनी गुट की मीना सिसरौली को पुलिस ने गांव से नहीं निकलने दिया। जयबीर कुंडू व धामड़ के रणधीर सिंह को भी पुलिस निगरानी में ले लिया गया। हरदीप अहलावत को सिटी थाने की गौकर्ण पुलिस चौकी में बैठाकर रखा गया। वहीं, किसान नेता प्रीत सिंह को सिविल लाइन थाने में बैठाया गया।
सोनिया दूहन कालीदास धाम में ठहरी हुई थीं प्रदर्शनकारियों के साथ
हांसी से दो दिन पहले एनसीपी नेता सोनिया दूहन महिलाओं व पुरुषों के जत्थे के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। महम से रोहतक होते हुए सांपला शनिवार शाम को ही पहुंच गई थी। सुबह सांपला से जब प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली कूच का प्रयास किया तो डीएसपी यशपाल सिंह, सांपला थाना प्रभारी राकेश सैनी व आईएमटी थाना प्रभारी हवा कौर के नेतृत्व में पुलिस ने अवरोधक लगाकर रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने अवरोधक हटाकर निकलने का प्रयास किया। इसके चलते पुलिस के साथ हल्की झड़प हो गई। महिला प्रदर्शनकारी सोनिया दूहन व छन्नो देवी सड़क पर ही बेहोश हो गई।
कड़ी मशक्कत के बाद महिला पुलिस ने उनको उठाया। आधा घंटे तक हंगामा होता रहा। प्रदर्शनकारियों को जबरदस्ती बसों में बैठाकर इस्माईला की ओर ले जाया गया। बाद में पौने तीन बजे के करीब छोड़ दिया गया। किसान वापस छोटूराम संग्रहालय आ गए। बाहर पुलिस तैनात रही।