शहर के 9 व्यस्त व तंग बाजारों व नौ कॉलोनियों में घर खरीदना और महंगा हो गया है। निगम एरिया के 230 में से 18 क्षेत्रों में 1 अप्रैल से 30 सितंबर तक लागू किए गए कलेक्टर रेट में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। सबसे ज्यादा कलेक्टर रेट दिल्ली रोड स्थित सेक्टर 27 की सनसिटी फेस 1 व फेस टू में 40 प्रतिशत तक बढ़ाया गया है। तहसीलदार ने बताया कि तत्काल प्रभाव से नए कलेक्टर रेट लागू कर दिए गए हैं।
प्रदेश सरकार की ओर से पहले पूरे साल के लिए कलेक्टर रेट तय किए जाते थे, लेकिन कोरोना काल में पिछले साल सरकार ने दो बार कलेक्टर रेट तय किए। साल 2021-2022 के लिए नए कलेक्टर रेट 1 अप्रैल से लागू किए जाने थे। डीसी कार्यालय से अनुमति मिलने के बाद तहसील प्रशासन ने ऑनलाइन नए कलेक्टर रेट जारी कर दिए हैं। इसमें 90 प्रतिशत से ज्यादा एरिया में कलेक्टर रेट पहले की तरह रखे गए हैं। केवल 18 एरिया में 10 प्रतिशत रेट बढ़ाए गए हैं।
प्रमुख बाजार जहां बढ़ा 10 प्रतिशत कलेक्टर रेट
बाजार मुख्य सड़क से 50 फुट तक 50 फुट तक कार्नर साइड
-किला रोड, गीता मार्केट 1.32 लाख 1.37 लाख
-शौरी मार्केट 1.21 लाख 1.26 लाख
-आंबेडकर चौक से सुुुभाष चौक 55 हजार 57,200
-सुभाष चौक से रेलवे फाटक 74,800 77 हजार
-रेलवे फाटक से मेडिकल मोड़ 85,800 88 हजार
-मेडिकल मोड़ से दिल्ली बाईपास 85,800 88 हजार
-आर्य नगर झज्जर रोड 26,400 27,500
- कंसाई चौक 28,600 29,700
यहां घर बनाना हुआ 10 प्रतिशत तक महंगा
कॉलोनी/मोहल्ला मुख्य सड़क से 50 फुट तक 50 फुट तक कार्नर साइड
- प्रताप मोहल्ला 44 हजार 49,500
- सुभाष नगर 55 हजार 56,100
- संत नगर 44 हजार 45,100
- शक्ति नगर 45,650 46, 750
- सुखपुरा क्षेत्र 20,900 22 हजार
- सदानंद जोहड़ 15,950 16, 500
- हरी नगर 44 हजार 45,100
- ओमेक्स दिल्ली रोड 34,750 35,750
दिल्ली रोड स्थित सेक्टर 27 में बढ़ा सबसे ज्याद कलेक्टर रेट
जिला प्रशासन की ओर से दिल्ली रोड स्थित सेक्टर 27 की सनसिटी के फेस 1 व फेस टू में 40 प्रतिशत तक कलेक्टर रेट बढ़ाया गया है। पहले एरिया में मुख्य सड़क से 50 फुट से आगे कलेक्टर रेट 11 हजार से लेकर 12 हजार रुपये प्रति वर्ग गज था, लेकिन अब 16 हजार से 17 हजार रुपये प्रति वर्ग गज तक हो गया है। मुख्य सड़क से 50 फुट तक 52 हजार 500 व 50 फुट कार्नर एरिया में 32 हजार 400 रुपये प्रति वर्ग गज तय किया गया है।
नए कलेक्टर रेट जारी कर दिए गए हैं, जो एक अप्रैल से 30 सितंबर तक लागू रहेंगे। शहर में केवल 18 क्षेत्रों में कलेक्टर रेट 10 प्रतिशत बढ़ाया गया है। इसके अलावा दिल्ली रोड स्थित सेक्टर 27 की सनसिटी फेस 1 व फेस 2 में कलेक्टर रेट 40 प्रतिशत तक बढ़ा है। जिला स्तरीय कमेटी ने गहन मंथन के बाद कलेक्टर रेट तय किए हैं। 90 प्रतिशत से ज्यादा एरिया के कलेक्टर रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
- जीवेंद्र मलिक, तहसीलदार, रोहतक
रोहतक ग्रामीण, महम, सांपला व कलानौर तहसील व लाखनमाजरा उप तहसील के भी रेट जारी
जिला प्रशासन की तरफ ऑनलाइन रोहतक तहसील के ग्रामीण एरिया, महम, सांपला व कलानौर तहसील के अलावा लाखनमाजरा उप तहसील के भी नए कलेक्टर रेट जारी कर दिए गए हैं।