एमडीयू में प्रकाश आंबेडकर का स्वागत करते सीवाईएसएस के कार्यकर्ता। स्रोत: सीवाईएसएस
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के पौत्र प्रकाश आंबेडकर का सोमवार को छात्र युवा संघर्ष समिति कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। सीवाईएसएस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक धनखड़ ने कॉलेज, यूनिवर्सिटी व शिक्षण संस्थानों की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि सीवाईएसएस पिछले कई साल से प्रदेश के गांव से लेकर शिक्षण संस्थानों तक लड़कियों के लिए स्पेशल बसें चलवाने की मांग उठा रहा है। इसके चलते तीन साल पहले सरकार के परिवहन मंत्री ने 600 बसें चलने की घोषणा की थी, लेकिन अभी तक कोई बय नहीं चली है।
सीवाईएसएस के जिला अध्यक्ष रॉबिन मलिक ने कहा कि विद्यार्थियों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री के सामने प्रदर्शन, आंदोलन, ज्ञापन से अपनी बातें रखीं। सरकार ने विद्यार्थियों की समस्या का कोई समाधान नहीं करने के बजाय विद्यार्थियों पर ही केस दर्ज कर दिए।
विद्यार्थियों की समस्याएं सुनने के बाद प्रकाश आंबेडकर एमडीयू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह से मिले। उन्होंने कुलपति से कहा कि प्रदेश भर की लड़कियां शिक्षण संस्थानों में पढ़ने आती हैं। अधिकतर कक्षाएं व लाइब्रेरी, कोचिंग संस्थानों की छुट्टी शाम को पांच बजे तक होती है। दूर- दराज से आने वाली छात्राओं को घर जाने में अंधेरा हो जाता है। दिन प्रतिदिन लड़कियों के प्रति अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इसके लिए विश्वविद्यालय को लिखित तौर पर सरकार को अवगत कराना चाहिए और शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए बसें चलवानी चाहिए। कुलपति ने उन्हें इन मुद्दों से सरकार को अवगत कराने का विश्वास दिलाया।
इस मौके पर अरुण योगी, प्रियांशु, ललित सैनी, राखी नांदल, लोकेश, आकाश पांचाल समेत अनेक विद्यार्थी मौजूद रहे।