झज्जर। डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि किसानों और मछली पालन का धंधा करने वाले लोगों के लिए प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना आर्थिक स्थिति मजबूत करने में वरदान सिद्ध हो रही है। योजना के तहत 40 से 60 प्रतिशत वित्तीय सहायता का प्रावधान किया गया है।
डीसी ने बताया कि जिला में उन गांवों के लोगों को मत्स्य पालन के प्रति प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिन गांवों में बरसात के पानी के ठहराव होता है या भूमि बंजर है। मछली पालन से किसानों की आय बढ़ रही है। झींगा मछली पालन से 5 से 6 लाख रुपये प्रति एकड़ तक आमदनी होती है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा योजना के तहत अनुसूचित जाति व महिला वर्ग मछली पालकों को 60 प्रतिशत अनुदान तथा सामान्य वर्ग को मछली पालन पर 40 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। शक्ति सिंह ने आगे बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत 60 प्रतिशत सभी वर्गों की महिलाओं व अनुसूचित जाति को तथा 40 प्रतिशत सामान्य व ओबीसी को अनुदान प्रदान किया जाता है। इस योजना के तहत प्रार्थी निजी भूमि में या पट्टे पर भूमि लेकर मछली फीड हैचरी, तालाबों के निर्माण, बायोफ्लॉक, आरएएस, फीड मिल, कोल्ड स्टोर आदि लगाने पर विभाग से वित्तीय एवं तकनीकी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत भजन व ड्रामा पार्टियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां
झज्जर। जिला उपायुक्त शक्ति सिंह के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार की योजनाओं व नीतियों के प्रचार के लिए सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के तत्वावधान में एक महीने चला विशेष प्रचार अभियान बुधवार को संपन्न हुआ। विशेष प्रचार अभियान के तहत ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया गया। डीआईपीआरओ सतीश कुमार ने बताया कि डीसी कैप्टन शक्ति सिंह के दिशा-निर्देशन में प्रचार अभियान को चलाया गया। उन्होंने बताया जिले में 247 गांवों के अलावा झज्जर के 19 वार्ड, बहादुरगढ़ के 31 वार्ड व बेरी के 13 वार्डों में प्रचार अभियान चलाया गया। विभाग की भजन पार्टियों ने पूरे माह गांवों की चौपालों व सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर सरकार की योजनाओं, नीतियों व अभियान के बारे में जानकारी आमजन तक पहुंचाने का कार्य किया। विशेष प्रचार अभियान के तहत जिले भर में 5 भजन पार्टियों व 1 ड्रामा पार्टियों के अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के द्वारा सरकारी योजनाओं के बारे में प्रचार किया। डीआईपीआरओ ने बताया कि भजन व ड्रामा पार्टियों ने सामाजिक विषयों पर भी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जन मानस को जागरूक करने के कार्य किया। प्रचार अभियान की प्रभावी तरीके से मॉनिटरिंग की गई है। उन्होंने बताया कि प्रचार अभियान सफलतापूर्वक आयोजित हुआ।