रोहतक। शहर में टूटी सड़कों के गड्ढे, सर्दी में भी पेयजल की किल्लत व प्रॉपर्टी टैक्स की त्रुटियां आम लोगों को दर्द दे रही हैं। सोमवार को समाधान शिविर के पहले दिन नवनियुक्त डीसी धीरेंद्र खड़गटा के सामने 21 शिकायत आम लोगों ने रखीं। डीसी ने तय समय-सीमा में लोगों की समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया।
सभागार में डीसी ने सुबह साढ़े नौ बजे लोगों की समस्याएं सुनना शुरू किया। विशाल नगर निवासी जगबीर सिंह क्षेत्र की 15 से 20 महिलाओं के साथ शिविर में पहुंचे। बोले, बस स्टैंड व शीला बाईपास के बीच स्थित विशाल नगर में पांच गलियां हैं। दो गलियों में पानी आ रहा है, बाकी में पानी नहीं आ रहा है। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी कोई समाधान नहीं कर पा रहे हैं। सर्दी में ही पानी की किल्लत है तो गर्मी में समस्या और बढ़ेगी। डीसी ने विभाग के अधिकारियों को तत्काल समाधान करने को कहा है। वहीं, फ्रैंड्स कॉलोनी के लोगों ने बताया कि पिछले 10 दिन से कॉलोनी में पानी नहीं आया। भूमि जल पीने लायक नहीं है। ऐसे में पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं।
ग्रामीणों ने भी रखीं समस्या
रिटौली निवासी विकास ने बिजली निगम, देव कॉलोनी निवासी राजकला ने मकान खाली करवाने के लिए अतिरिक्त समय दिलवाने, सांपला की संगीता ने सीवर लाइन डलवाने, पाकस्मा निवासी नरेंद्र ने मकान पर मालिकाना हक दिलवाने की मांग रखी। वहीं, लाखनमाजरा के निवासियों ने उपायुक्त से गांव के मीहरवाली तालाब से अवैध कब्जा हटवाने व गऊघाट खुलवाने की गुहार लगाई। गांव बहुअकबरपुर के निवासियों ने जोहड़ में गंदे पानी की निकासी करवाने, बहुअकबरपुर से समरगोपालपुर तक सड़क का नवनिर्माण करवाने की मांग की। नगर निगम के पार्क में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की मांग भी रखी गई। परिवार पहचान पत्र, अतिक्रमण व अवैध कब्जे हटवाने, वृद्धावस्था पेंशन बनवाने की भी समस्याएं आईं। इस दौरान एसीयूटी अभिनव सिवाच, नगराधीश अंकित कुमार, जिला विकास व पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, जिला राजस्व अधिकारी कनब लाकड़ा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
सड़क के गड्ढे तत्काल भरें अधिकारी, पेयजल लाइन भी ठीक करवाएं
समाधान शिविर के दौरान डीसी ने लोक निर्माण व नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके अधिकार क्षेत्र में आने वाली सड़कों के गड्ढों को तत्काल भरना शुरू करें, इसके लिए मौके का निरीक्षण करें। वे खुद भी औचक निरीक्षण कर सकते हैं। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी पेयजल और सीवरेज की लीकेज लाइनों को ठीक करें।
जिले की समस्याओं का समझ रहे हैं। समाधान शिविर के पहले दिन 21 शिकायतें आई। संबंधित विभागों के अधिकारियों को तय समय-सीमा में लोगों की दिक्कत दूर करने की हिदायत दी है।
धीरेंद्र खड़गटा, आयुक्त नगर निगम
समाधान शिविर में इन विभागों की सुनी जाएंगी शिकायतें
: प्रॉपर्टी आईडी
: परिवार पहचान पत्र
: भूमि पंजीकरण
: स्थानीय निकायों के अनापत्ति प्रमाण पत्र।
: नगर निगम द्वारा नक्शा स्वीकृति प्रमाण पत्र।
: समाज कल्याण विभाग से जुड़ी अलग-अलग पेंशन।
: राशन कार्ड व सार्वजनिक वितरण प्रणाली।
: अपराध से संबंधित शिकायतें।
: बिजली, सिंचाई व जनस्वास्थ्य से संबंधित शिकायतें।
: अन्य किसी भी विभाग से जुड़ी शिकायत।
11सीटीके05..लघु सचिवालय में सोमवार को समाधान शिविर में लोगों की समस्या सुनते उपायुक्त धीरेंद्र