माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। भालौठ गांव के दिवंगत डीएसपी रामनेर के भतीजे नीरज की हत्या की आशंका है। क्योंकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला है कि नीरज के सिर में छह चोटें लगी थीं।
सोमवार को मृतक का भाई ऋषिपाल एसपी नरेंद्र बिजारणिया से मिला और जांच अधिकारी पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। एसपी ने मामले की जांच अब थाना प्रभारी इंस्पेक्टर महेश को सौंप दी है। हालांकि, केस में अभी हत्या का मामला दर्ज नहीं किया गया है।
भालौठ निवासी ऋषिपाल ने बताया कि उनका चचेरा भाई 35 वर्षीय नीरज अविवाहित था। 20 मई की रात को सूचना मिली कि उसका शव भालौठ-लाढ़ौत माइनर में पड़ा है।
मौके पर पहुंचे तो देखा कि नीरज की दोनों ओर की कनपटी पर चोट के निशान थे। हत्या की आशंका जताई थी। इसके बावजूद हत्या का केस दर्ज नहीं किया गया।
मृतक के चचेरे भाई ऋषिपाल ने बताया कि एसपी से मिलकर हत्या का केस दर्ज कर जांच की मांग की है। आईएमटी थाना प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल कर रहे हैं। अभी किसी तरह का केस दर्ज नहीं किया गया है। कई पहलू से जांच कर रहे हैं।