बेरी। खातीवास गांव के पास सड़क हादसे का शिकार हुए युवक के शव का सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने शिकायत पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव खेड़ी खुम्मार निवासी अमन ने बताया कि वह व उसके गांव निवासी जितेंद्र उर्फ जितू हाल निवासी गांव बोडिया जिला रेवाड़ी अपने गांव खेड़ी खुम्मार में आया था। खेड़ी खुम्मार से खातीवास मार्ग पर अमन व जितेंद्र उर्फ जितू पैदल घूमने के लिए गए हुए थे।
तभी झज्जर की तरफ से एक तेज रफ्तार कार ने जितेंद्र उर्फ जितू को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में झज्जर के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी सुखपाल ने बताया कि तेज रफ्तार कार ने पैदल राहगीर को टक्कर मारने की सूचना मिली थी। हादसे में राहगीर की मौत हो गई। मृतक के चचेरे भाई के बयान पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई है। मृतक के शव का झज्जर के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक युवक छुट्टी पर गांव में आया हुआ था।स