माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। शहर के होटल कारोबारी सरदार अवतार सिंह कोचर उर्फ डोली को धमकी देकर 5 करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। रोहतक पुलिस ने एक सुरक्षाकर्मी जरूर उपलब्ध करवाया है, लेकिन पीड़ित कारोबार के सिलसिले में दिल्ली नहीं जा पा रहे हैं। सुरक्षा के लिए उन्होंने निजी सुरक्षाकर्मी भी रखा है। उधर, पुलिस ने गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू तक पहुंचने के लिए गृह मंत्रालय को पत्र लिखने का निर्णय लिया है ताकि आरोपी का ब्रिटेन से प्रत्यर्पण कराया जा सके।
भिवानी स्टैंड निवासी सरदार अवतार सिंह कोचर शहर के बड़े कारोबारी हैं। रोहतक व दिल्ली में उनके पास होटल व पेट्रोल पंप हैं। उन्होंने एसपी को शिकायत दी थी कि रविवार को उनके पास करीब साढ़े 7 बजे व्हाट्स एप कॉल आई। इसके बाद सोमवार शाम को धमकी भरे मैसेज आए।
लिखा कि वह कपिल सांगवान उर्फ नंदू बोल रहा है। 5 करोड़ की रंगदारी नहीं दी तो गोलियां चलेंगी। बेटे व बेटी के बारे में भी पता है, वे कहां हैं। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद गैंगस्टर नंदू के खिलाफ केस दर्ज किया है। एसपी ने मामले की जांच सीआईए द्वितीय को सौंपी है, लेकिन अभी पुलिस के हाथ खाली हैं।
वर्जन
कारोबारी से रंगदारी मांगने की गहन जांच कर रहे हैं। गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू का नाम रंगदारी मांगने में सामने आया है। आरोपी का ब्रिटेन से प्रत्यर्पण कराने के लिए गृहमंत्रालय को पत्र लिखकर मांग की जाएगी।
- गुलाब सिंह, डीएसपी सिटी थाना, रोहतक