लॉकडाउन के दौरान जिले के स्लम एरिया सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में लोगों पर नजर रखने के लिए पुलिस ड्रोन कैमरों की सहायता लेगी। गली-मोहल्लों में भी ड्रोन से नजर रखी जाएगी, जमघट लगाने वालों को अब किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ड्रोन की मदद से गली-मोहल्लों में शाम होते ही जमघट लगाने वालों की पहचान की जाएगी। पुलिस का कहना है कि कुछ संकरी गलियों में गश्त मुश्किल होती है, इसलिए कैमरों से नजर रखी जाएगी। बता दें कि लॉकडाउन के दौरान भी लोग बेवजह घरों से बाहर निकल रहे हैं। लोग मोहल्लों में शाम को इकट्ठे होकर गपशप में जुट जाते हैं। इससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए अब ड्रोन कैमरों की मदद से बेवजह घरों से बाहर निकलने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं प्रधानमंत्री ने 19 दिनों का और लॉकडाउन बढ़ाने के साथ-साथ थानों की हर हफ्ते रिपोर्ट भी तलब करने की बात कही है। इसके बाद से पुलिस ने अब बेवजह बाहर घूमने वालों के प्रति और सख्त रवैया अपनाने की तैयारी कर ली है। इसके तहत अब जो भी वाहन चालक बेवजह बाहर घूमता पाया जाएगा, उसका चालान भी कटेगा, स्थिति को देखते हुए वाहन इंपाउंड भी किया जाएगा। साथ ही उसका 6 माह के लिए ड्राइविंग लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।
स्लम एरिया से आ रही थी ज्यादा शिकायत
डीएसपी मुख्यालय गोरखपाल राणा ने बताया कि स्लम एरिया से ज्यादातर शिकायतें आ रही थी। इसके बाद उन्होंने फैसला किया कि ड्रोन से इन क्षेत्रों पर नजर रखेंगे, ताकि आरोपियों की तुरंत पहचान हो सके और उन पर कार्रवाई हो सके। इसके अलावा यह शहर के अन्य क्षेत्रों में भी चक्कर लगाएगा, जहां पर भी लॉकडाउन की उल्लंघन मिलेगी, वहीं पर पुलिस टीम भेजकर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने जनता को 21 दिन तक पुलिस का सहयोग करने के लिए धन्यवाद किया और आगे 19 दिन तक इसी प्रकार से सहयोग करने की अपील की।
मास्क न हो तो सूती कपड़े से चेहरे को ढके
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वह जरूरी काम हो तब ही बाहर निकले अन्यथा घर पर ही रहे। वहीं उन्होंने बताया कि अगर किसी के पास मास्क नहीं है तो वह सूती कपड़ा, रूमाल आदि से चेहरे को ढक सकता है। वहीं अगर कोई बिना मास्क व बिना चेहरे को ढके हुए घर से बाहर निकला तो पुलिस उन पर सख्त कार्रवाई करेगी।
दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक का होगा सब्जी, फल, राशन खरीदने का तय समय
पुलिस का कहना है कि वे जिला प्रशासन के सामने एक सुझाव रखेंगे। जिस सुझाव में सब्जी, फल व राशन आदि खरीदने का समय दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक सुनिश्चित हो। इससे पहले व बाद में किसी भी तरह की दुकान न खुली हो। सिर्फ मेडिकल स्टोर ही खुलें हो। दूध बेचने एवं खरीदने का समय भी सुबह या शाम को एक ही घंटे के लिए निर्धारित किया जाना चाहिए।
सीसीटीवी फुटेज से पहचान कर काटे जाएंगे चालान
ड्रोन कैमरे के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम से इलाकों की निगरानी की जाएगी। इसके जरिए वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाएगी। जिससे कोई नियम का पालन नहीं कर रहे लोगों की करतूत उजागर की जा सके। डीएसपी मुख्यालय ने बताया कि जिले के अधिकांश जगहों को चयनित किया गया है। जहां ड्रोन कैमरों से नजर रखी गई। इसके अलावा अधिकांश जगहों पर लगे कैमरों में कैद हुए लोगों की पहचान कर उनके चालान काटे जाएंगे।