रोहतक। पुलिस राइडर पर तैनात कर्मियों ने जाट काॅलेज के बाहर मिले रुपये से भरे पर्स को असली मालिक को ढूंढकर लौट दिया। पुलिस प्रशासन ने दोनों जवानों की ईमानदारी पर पीठ थपथपाई है। पूर्व ट्रैफिक जोन के प्रभारी इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने बताया कि वीरवार को राइडर नंबर दो पर तैनात मुख्य सिपाही राजेश व सिपाही संदीप गश्त पर मौजूद थे। गश्त के दौरान जाट कॉलेज के पास राईडर को लावारिस हालात मे पर्स पड़ा हुआ मिला। चैक करने पर पर्स के अंदर 19 हजार 500 रुपये व कुछ निजी कागजात मिले। निजी कागजात से असल मालिक को खोजने के काफी प्रयास किए गए। साथ ही मामले की सूचना यातायात प्रभारी को दी गई। देर रात को प्रभारी यातायात के नेतृत्व में पुख्ता जांच पड़ताल के बाद पर्स के असल मालिक नरेश निवासी कंसाला को लौटा दिया।
नरेश ने बताया कि वह अपने साथी धर्मेन्द्र व सुनील के साथ इलाज के लिये पीजीआईएमएस रोहतक मे आया हुआ था। नरेश व उसके दोनों साथियो ने पुलिस जवानों की ईमानदारी की सराहना व प्रशंसा की है।