रोहतक। जिले के 12 तस्करों के घरों पर अब बुल्डोजर चलेगा। इसके लिए पुलिस की ओर से नोटिस भी जारी कर दिया गया है। इन तस्करों के खिलाफ पहले ही वाणिज्यिक श्रेणी में मुकदमे दर्ज हैं। अक्तूबर के पहले सप्ताह तक कानूनी कार्रवाई पूरी कर पुलिस घरों बुल्डोजर चलवाएगी। तीन तस्करों के घरों को पुलिस पहले ही ध्वस्त करा चुकी है।
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए यह कार्रवाई करने के लिए तैयारी की जा रही है। वहीं, आठ माह में तस्करों के खिलाफ 78 केस दर्ज कर 112 को गिरफ्तार किया जा चुका है। सात तस्करों को प्रदेश के गृह सचिव प्रमुख से अनुमति लेकर एक साल के लिए जेल भेजा है। रोहतक में तस्करी कर रहे 36 लोगों को चिन्हित किया है। जल्द ही उन पर कार्रवाई की जाएगी।
युवाओं भी आ रहे गिरफ्त में
एजुकेशन हब के रूप में पहचान बना चुके रोहतक में पढ़ने आने वाले छात्र भी अब इसकी चपेट में आने लगे हैं। पहले शौक और फिर लत का शिकार हो जाते हैं। नशे के चंगुल में फंस चुके छात्रों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है।
बरामद किया गया नशीला पदार्थ
-अफीम-324 ग्राम
-चरस6.9 ग्राम
-गांजा366 किग्रा
-हेरोइन8.22 ग्राम
-कोरेक्स-189 शीशी
-इंजेक्शन5655 शीशी
-अफीम प्लांट90 किग्रा
-नशीला पेय-320 ग्राम
जिले में 15 बड़े तस्कर चिन्हित किए गए थे। इनमें तीन के घरों पर बुल्डोजर चल चुका है। 12 तस्करों को नोटिस जारी कर दिया है। आला अधिकारियों से अनुमति मांगी गई है। इसके बाद ही कार्रवाई होगी। -
रवि खुंडिया, डीएसपी/नोडल अधिकारी, नारकोटिक्स सेल।