साल्हावास। होली पर्व व लोकसभा चुनाव के मद्देनजर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था रखने के लिए शनिवार को पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला, जिसमें पुलिस की विभिन्न टीमों के अलावा भारत तिब्बत सीमा पुलिस व केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। अभियान का नेतृत्व डीएसपी अनिल कुमार व थाना प्रभारी प्रकाश चंद ने किया। फ्लैग मार्च मेट्रो मार्केट झाड़ली से शुरू होकर बहु, खोरड़ा, झामरी, ढलानवास, बिरोहड, मातनहेल अकेहडी मदनपुर, बिठला, भुरावास, अंबोली, धारौली, जटवाड़ा में जाकर समाप्त हुआ। यहां पुलिस अधिकारियों ने ग्राम पंचायत व मौजिज लोगों से अपने क्षेत्र में लोकसभा के चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने का आग्रह किया। डीएसपी अनिल कुमार ने बताया कि संयुक्त बल ने गांवों से गुजरते हुए असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया कि चुनाव प्रभावित करने का प्रयास किया तो खैर नहीं। साथ ही आमजन को यह विश्वास दिलाया कि निडर होकर मतदान करें। लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड़ पर है। इस दौरान लोकसभा के अंतर्गत आने वाले संवेदनशील गांवों में भी फ्लैग मार्च किया। साल्हावास थाना प्रभारी प्रकाश चंद ने कहा कि यह फ्लैग मार्च मतदाताओं को जागरूक करने के लिए किया गया है।