सोनीपत/कुंडली। गांव नाहरी के पास नाके से बारोटा चौकी पुलिस और प्रशासनिक टीम ने चेकिंग के दौरान कार से कुल 48 लाख 90 हजार 420 रुपये बरामद किए थे। मामले में आयकर विभाग की टीम को सूचित कर दिया गया है। अब आयकर विभाग की टीम मामले में जांच करेगी।
विदित रहे कि बारोटा चौकी प्रभारी युद्धवीर सिंह की टीम गांव नाहरी में नाका लगाकर जांच कर रही थी। टीम ने रविवार देर शाम दिल्ली की तरफ से आ रही कार की तलाशी में मैट के नीचे छिपाकर रखे गए 48 लाख 90 हजार 420 रुपये बरामद किए थे। कार में दो लोग सवार थे, जिन्होंने अपनी पहचान चरखी दादरी के रामपुर निवासी जयपाल और राजस्थान झुंझनू के प्रदीप के रूप में दी थी। उन्होंने बताया कि वे मस्टर्ड ऑयल का काम करने वाले दादरी के एक व्यक्ति के पास काम करते हैं। यह राशि दादरी के रहने वाले व्यक्ति की है। वे राशि के बारे में जरूरी दस्तावेज उपलब्ध न करा सके थे। जिस पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नरेश कुमार ने डीआरओ ब्रह्मप्रकाश अहलावत को सूचना दी थी, जिसके बाद राशि को जब्त कर लिया था। राशि की गिनती करने पर वह 48,90,420 रुपये मिली। जिस पर पुलिस टीम ने मामले को लेकर आयकर विभाग को अवगत करा दिया गया। राशि को ट्रेजरी में रखा गया है। अब मामले की जांच आयकर विभाग की टीम करेगी। टीम पता लगाएगी कि राशि कहां से आई थी।
आयकर जांच में स्थिति स्पष्ट होगी
चेकिंग के दौरान बरामद की गई राशि को ट्रेजरी में रखवाने के बाद मामले से आयकर विभाग को अवगत करा दिया गया है। अब आयकर विभाग की टीम मामले में जांच करेगी। जिससे पता लगाया जाएगा कि राशि किस काम के लिए लाई गई थी।
युद्धवीर सिंह, चौकी प्रभारी बारोटा।