रोहतक। भैंसरू कलां के लापता अजय की उसी के दोस्त सुमित और भूपेंद्र ने मुरादाबाद में गंगा किनारे स्थित ब्रजघाट पर गोली मारकर हत्या की थी। बुधवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 5 दिन का रिमांड लिया है।
अजय के भाई योगेश ने 28 अप्रैल को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर लिया है और अदालत में पेश कर 5 दिन का रिमांड लिया है। अजय और योगेश के नाम उनके दादा ने एक-एक एकड़ जमीन नाम कर दी थी। अजय अविवाहित था और उसने अपनी जमीन बेच दी थी।
3 अप्रैल को उसे घर पर देखा गया था, लेकिन उसके बाद कोई जानकारी नहीं थी। कई दिन तक जब परिजन को वह दिखाई नहीं दिया तो उन्होंने तलाश की। योगेश ने बताया कि गांव के लोगों ने सूचना दी कि अजय ने एक एकड़ जमीन 1.30 करोड़ रुपये में बेच दी थी और रुपये लेकर कहीं घूमने गया हैए लेकिन कई दिन तक सुराग नहीं लगा तो 28 अप्रैल को योगेश ने भाई अजय की गुमशुदगी सांपला थाने में दर्ज कराई थी।
-
हत्या की धाराओं में चलेगा मुकदमा, आज होगा पोस्टमार्टम
अजय की गुमशुदगी के साथ अब हत्या की धाराएं भी जोड़ दी गई हैं। साथ साक्ष्य खत्म करने का भी मामला दर्ज किया गया है। अब पुलिस हत्या के मामले की ही विवेचना करेगी। पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम कराने के लिए पीजीआई में रखवाया है। वहीं, कंकाल का डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा।