माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। सुभाष रोड पर फायरिंग के आरोप में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार भिवानी के धारेड़ू निवासी राहुल पर 18 लाख का कर्ज है। इस कर्ज को उतारने के लिए उसने दोस्त गौरव के साथ मिलकर अमन भैंसवाल के इशारे पर व्यापारी पर गोली चलाई थी। पुलिस ने आरोपियों का भिवानी पुलिस से रिकाॅर्ड मांगा है, लेकिन अभी कोई केस सामने नहीं आया है। पीजीआई में दाखिल गौरव व राहुल की हालत बुधवार को खतरे से बाहर बताई। डॉ. दोनों की गोली निकालने के लिए ऑपरेशन की तैयारी कर रहे हैं।
सीआईए प्रथम प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि 23 मई को सुभाष रोड पर एक व्यापारी पर गोलियां चलाई गई थीं। पुलिस की टीम ने एएसआई विनोद देशवाल के नेतृत्व में मंगलवार शाम बहु अकबरपुर गांव के नजदीक वांछित भिवानी निवासी गौरव व राहुल को घेर लिया था। आरोपियों ने आत्मसमर्पण के बजाय फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में भिवानी जिले के गांव नागल निवासी गौरव के कूल्हे व धारेड़ू निवासी राहुल उर्फ बाबा के पैर में गोली लगीं। दोनों पीजीआई में भर्ती हैं।