जिला पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर तस्करों से 87 मामलों में बरामद मादक पदार्थों को वीरवार को नष्ट कराया। इन सभी प्रकरणों की अदालती कार्रवाई पूरी हो चुकी थी। इसके बाद अदालत से इसे नष्ट करने की अनुमति ली गई थी। पुलिस अधीक्षक और डीएसपी मुख्यालय ने मौके पर मौजूद रहकर प्रक्रिया पूरी कराई।
रोहतक में नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए काफी मात्रा में मादक पदार्थों के साथ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें साल-2022, 2023 और 2024 के कुल 87 ऐसे मामले थे, जिनमें अदालती प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी। ऐसे प्रकरणों में पकड़े गए मादक पदार्थ को नष्ट करने के लिए पुलिस ने अदालत से अनुमति ली थी। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रोहतक रेंज रोहतक कृष्ण कुमार राव के नेतृत्व में एक कमेटी गठित की गई थी। कमेटी में पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया, डीएसपी मुख्यालय रवि खुंडिया समेत कई अधिकारियों काे शामिल किया गया। इस माल की कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। मादक पदार्थों को गांव बालंद स्थित एमएसएसडी बायो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी में नष्ट कराया गया।
इनमें साल-2022 के 43 मामले, साल-2023 के 33 और साल 2024 के 11 मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किए गए थे। इनमें रोहतक सिटी थाने के 60, आर्य नगर थाने के 3, सिविल लाइन थाने के 2, सांपला थाने के 6, लाखनमाजरा का एक, महम के 4, आईएमटी का एक, कलानौर थाने के चार, पुरानी सब्जी मंडी थाने के पांच और शिवाजी कॉलोनी थाने का एक मामला शामिल हैं।
नष्ट किए गए मादक पदार्थ
चरस-सुल्फा-17 किलो 876 ग्राम
अफीम ग्रीन पौधा- 82 किलो 340 ग्राम
गांजा- 96 किलो 306 ग्राम
हेरोइन- 1 किलो 89 ग्राम 236 मिलीग्राम
पॉपी हस्क- 131 किलो 600 ग्राम
विनेरेक्स- 223 बोतल
ओनेरेक्स- 07 बोतल
एल्प्रैसेफ-190 टेबलेट
अल्प्राजोलम टेबलेट- 2320
स्मपैक्स- 76 कैप्सूल
-
2024 में भी 10 लाख के मादक पदार्थ कराए गए थे नष्ट
रोहतक पुलिस की ओर से रोहतक में दो साल में पकड़े गए करीब 10 लाख रुपये के मादक पदार्थों को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के नेतृत्व में नष्ट कराया गया था। रोहतक में 2022 और 2023 के दौरान 58 मामले सामने आए थे। इनमें 58 मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों को नष्ट किया गया है। इनमें 7.8 किग्रा चरस, 07 ग्राम स्मैक, 75 किग्रा गांजा, 2 किग्रा ट्रामाडोल, सीरप कैप्सूल 576, 866 इंजेक्शन शीशी और 10412 बोतल इंजेक्शन जब्त किए गए थे।