झज्जर। पुलिस लाइन झज्जर के एडम ब्लाॅक में पुलिस आयुक्त का कार्यालय बनाया गया है। अब पुलिस आयुक्त एडम ब्लाॅक में बैठकर आमजन की समस्या सुनेंगे। यदि किसी को पुलिस से जुड़ी समस्या के संबंध में मिलना है तो वह झज्जर-बहादुरगढ़ मार्ग पर स्थित पुलिस लाइन झज्जर में आकर मिल सकता है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आमजन की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की है। बहादुरगढ़ में दो अलग-अलग आईपीएस रैंक के अधिकारी पुलिस उपायुक्त झज्जर व पुलिस उपायुक्त बहादुरगढ़ को नियुक्त किया गया है। थाना सदर झज्जर, थाना शहर झज्जर, थाना बेरी, थाना दुजाना, थाना साल्हावास, थाना माछरौली, महिला थाना झज्जर व साइबर थाना झज्जर से संबंधित कार्यों के लिए झज्जर-गुरुग्राम रोड पर बने लघु सचिवालय के तीसरे तल पर पुलिस उपायुक्त लोगेश कुमार से फरियादी मिल सकते हैं।
उधर बहादुरगढ़ में थाना शहर बहादुरगढ़, थाना सदर बहादुरगढ़, थाना सेक्टर-6 बहादुरगढ़, थाना लाइनपार बहादुरगढ़, थाना आसौदा, महिला थाना बहादुरगढ़ व थाना बादली से संबंधित कार्यों के लिए बहादुरगढ़ में बालौर रोड पर बने लघु सचिवालय में पुलिस उपायुक्त बहादुरगढ़ मयंक मिश्रा के समक्ष समस्या रख सकते हैं। पहले बहादुरगढ़ वासियों को पुलिस संबंधित कार्यों के लिए झज्जर आना पड़ता था, लेकिन अब पुलिस कमिश्नरी लागू होने के बाद से उन्हें झज्जर आने की बजाय बहादुरगढ़ में ही सुविधा मुहैया होगी। इससे आमजन को काफी सहूलियत भी होगी।