माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। पुलिस ने इंद्र नगर के एक प्लॉट में अवैध और नकली शराब बनाने की फैक्टरी पकड़ी है। खाली प्लॉट से 2725 पव्वे व अन्य सामान बरामद किया गया। इस संबंध में शिवाजी कॉलोनी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
थाना प्रभारी राकेश सैनी ने बताया कि शुक्रवार को सूचना मिली थी कि इंद्र नगर में एक बंद प्लॉट में आरओ प्लांट की आड़ में अवैध रूप से नकली शराब बनाने और उसकी पैकिंग का काम चल रहा है। सूचना मिलते ही सहायक पुलिस अधीक्षक आयुष यादव के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने आबकारी निरीक्षक के साथ मिलकर फैक्टरी में दबिश दी।
प्लॉट में 13 कमरे मिले जहां तीन प्लास्टिक की टंकी, एक आरओ सिस्टम, 2725 पव्वे शराब, 27,600 होलोग्राम, 1,22,400 क्यूआर कोड की सीट, केमिकल, 4000 ढक्कन, 1800 अवैध शराब पैक करने के गत्ते, 9900 खाली पव्वे, खाली ड्रम और रैपर सहित अन्य सामान बरामद हुआ।
आरोपियों के खिलाफ नकली और मिलावटी शराब बनाने, बिना लाइसेंस या परमिट के नकली स्टीकर लगाकर शराब बेचने और राजस्व विभाग को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के आरोप में शिवाजी कॉलोनी थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने बताया कि शराब बनाने के लिए स्पिरिट कहां से आती थी और नकली शराब कहां बेची जाती थी, इसकी गहनता से जांच की जा रही है।