रोहतक। इलेक्ट्रिक बसों में पीजीआई से नया बस अड्डा तक यात्रियों की संख्या बेहद कम रहती है। यात्रियों की संख्या को देखते रोडवेज सिटी बस सेवा में सुधार और यात्रियों की संख्या बढ़ाने को लेकर पूरे प्रयास कर रहा है। शाम के समय इस मार्ग पर यात्रियों की संख्या न के बराबर होती है।
मंगलवार शाम करीब 05:21 बजे भी एक बस दिल्ली बाईपास से मेडिकल मोड़ तक बिना यात्रियों के दौड़ती देखी गई। वहीं, रोडवेज अधिकारियों की टीम ने मंगलवार को नया बस अड्डा से पीजीआई तक निरीक्षण किया। निरीक्षण में मुख्यालय की तरफ से टीम पहुंची, जिसने आगामी दिनों में इलेक्ट्रिक बसों के बेहतर संचालन की योजना बनाई। रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि सही समय और आसानी से यात्रियों को सिटी बस सेवा का लाभ देने के लिए कई बदलाव किए जाएंगे। इसमें अनावश्यक स्टाॅपेज हटाने और बस क्यू शेल्टर बनवाए जाने की योजना है।
हिसार बाईपास तक सिटी बस के संचालन की योजना
फिलहाल, शहर में कई स्थानों पर निर्माण कार्य समाप्त होने के बाद हिसार बाईपास तक सिटी बस के संचालन की योजना है। निरीक्षण टीम में रोडवेज स्टेट मुख्यालय से कुलदीप जांगड़ा, महाप्रबंधक विपिन कुमार, कर्मशाला प्रबंधक सुरेंद्र सिवाच, यातायात प्रबंधक नवीन कुमार, संस्थान प्रबंधक हंसराज व इलेक्ट्रिक बस इंचार्ज सचिन आदि शामिल रहे। इन्होंने नया बस अड्डा से पीजीआई और पीजीआई से नया बस अड्डा तक खुद सिटी बस में सवार होकर सर्वे किया।
इलेक्ट्रिक बसों के निर्धारित स्टाॅपेज और बस क्यू शेल्टर नहीं हैं। यात्रियों को नहीं पता होता कि बस कहां और किस समय रुकेगी। रोडवेज महाप्रबंधक ने बताया कि निगम निगम को कई स्थानों पर बस क्यू शेल्टर बनवाने के लिए पत्र भेजा गया है। जल्द ही निगम बस क्यू शेल्टर तैयार करने की उम्मीद है।
इलेक्ट्रिक बसों के बेहतर परिचालन के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। शहर में सिटी बस सेवा का सुगम लाभ देने के लिए कुछ बदलाव और सुधार किए जा रहे हैं।
- विपिन कुमार, महाप्रबंधक, रोडवेज।