महेंद्रगढ़। कूड़े का नियमित उठान नहीं होने से शहर में सफाई व्यवस्था बदहाल है। शहर में कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। बेसहारा पशु दिनभर इनमें मुंह मारकर उसे इधर-उधर फैला रहे हैं। शहर के मुख्य चौक-चौराहों से लेकर गलियों तक जगह-जगह कूड़े के ढेर लग जाते हैं। कैंटीन के पास लगे कूड़े के ढेर से लोग परेशान हैं। रविवार को शहर में सफाई नहीं होने के कारण सोमवार को सुबह कर्मचारी दिनभर मशक्कत करने के बाद भी पूरे कचरे का नहीं उठा पाते हैं। दुकानदारों और शहरवासियों का कहना है कि रविवार के दिन शहर में सफाई नहीं होती है। अधिक कूड़ा एकत्रित होने के कारण उससे उठने वाली बदबू से उनका घर या दुकान में बैठना मुश्किल हो जाता है, जिसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि यहां पर डस्टबिन रखा जाए या फिर कूड़े डलवाने की व्यवस्था और कही की जाए।
यहां सबसे अधिक समस्या
शहर के विश्वकर्मा चौक, सिनेमा सड़क, मोहल्ला पड़ाव, मोहल्ला जवाहरनगर, वाल्मीकि मोहल्ला, सैनी स्कूल के पास, रामविहार कॉलोनी के सामने, मोहल्ला निमड़ी नीचे, रामलीला परिषद, मसानी चौक पर रविवार के दिन कूड़े के ढेर लग जाते हैं। इनमें बेसहारा पशु दिनभर मुंह मारकर सड़कों पर फैला देते हैं। ऐसे में जब शहरवासी सोमवार को अपने घरों से निकलते हैं तो गलियों से लेकर मुख्य बाजारों में कूड़े के ढेर नजर आते हैं।
प्रतिदिन उठाया जाए कूड़ा
कैंटीन के पास अधिक कूड़ा होने के कारण बेसहारा गोवंश उसमें मुंह मारकर फैला देते हैं। प्रतिदिन कूड़े को उठाना चाहिए। रविवार को कूड़ा नहीं उठाने के कारण और कूड़ा एकत्रित हो जाता है। राहगीरों को कूड़े से होकर दुकानों पर जाना पड़ता है। उन्होंने नपा प्रशासन से मांगी कि रविवार को भी कूड़े का उठान किया जाए ताकि लोगों को गंदगी से राहत मिले।
-राहुल यादव
नियमित हो उठान तो नहीं होगी परेशानी
नगरपालिका के कर्मचारी नियमित रूप से कूड़े को उठाएं तो लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। मुख्य चौक पर कूड़े के कारण राहगीरों को काफी परेशानी होती है। सैनी स्कूल के पास लंबे समय से यह समस्या बनी हुई है। रविवार को सफाई कर्मचारी नहीं आने के कारण कूड़े का ढेर लग जाता है।
-महेश यादव
कूड़ा और कीचड़ बढ़ा रहे दिक्कत
रामलीला परिषद के पास कूड़ा जमा होने से नालियां अवरुद्ध हो जाती हैं और वहां पर कीचड़ भी बन जाता है। दिनभर लोग कूड़े के ढेरों व बदबू से परेशान रहते हैं। लोग प्रतिदिन रामलीला परिषद के पास कूड़ा डालते हैं। नपा द्वारा कोई रोकटोक नहीं की जाती। नियमित रूप से कचरे का उठान हो तो शहरवासियों को समस्या से छुटकारा मिलेगा।
-रविंद्र
कूड़े के कारण गोवंश का जमावड़ा
मोहल्ला निमड़ी नीचे लावारिस गोवंश कूड़े में खाने की तलाश के लिए दिनभर मुंह मारते रहते हैं। हिंसक पशुओं के कारण कई बार हादसे भी हो चुके हैं। नियमित रूप से कूड़े का उठान हो तो किसी भी तरह की परेशानी नहीं होगी। लोग सुबह ही कूड़ा डालकर चले जाते है, जिसके कारण आपस रह रहे घरों में लोगो को बदबू का सामना करना पड़ रहा है।
-नरेश शर्मा
नगरपालिका में 40 कर्मचारी और लगाए जाएगा, जिसके लिए टेंडर लगाए जाएगे। टेंडर पास होने के बाद शहर में प्रतिदिन कूड़ा उठाया जाएगा। मुख्य चौराहों पर प्रतिदिन कचरे का उठान किया जाएगा जिससे लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी
-रमेश सैनी, नगरपालिका प्रधान, महेंद्रगढ़